आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जबरन कॉलोनी में लिव इन में रह रही युवती की हत्या करने वाले प्रेमी को पुलिस ने गुना से गिरफ्तार कर लिया है। 9 दिसंबर शनिवार को हत्या करने के बाद वह अपने घर गुना भाग गया था। पुलिस ने मंगलवार रात गुना से ही आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि हत्या के कुछ दिन पहले ही दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई थी।
आरोपी प्रेमी का नाम प्रवीण धाकड़ है। उसने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह रिलेशन बनाना चाहता था, लेकिन प्रेमिका ने विरोध किया तो गले में कैंची मारकर हत्या कर दी। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतलें भी मिली हैं।
एडीसीपी जोन-4 अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक पिछले दिनों मरीमाता स्थित जबरन कॉलोनी में एक कमरे में निकिता प्रजापति (20 वर्ष), निवासी सागर का शव मिला था। वह सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर थी। उसके इंस्टाग्राम पर 50 हजार फॉलोअर्स थे।
युवती के सागर स्थित परिजनों को जब घटना की जानकारी दी, लेकिन वे शव लेने इंदौर नहीं पहुंचे। इस पर नगर निगम की मदद से पुलिस ने महिला का अंतिम संस्कार किया।
शराब पीने के लिए साथ रहने लगे
प्रवीण धाकड़ इंदौर में गोदरेज कंपनी में काम करता है। घटना के 10 दिन पहले ही उसकी निकिता प्रजापति से मुलाकात हुई थी। इससे पहले दोनों इंस्टाग्राम पर फ्रेंड थे। दोनों इंदौर में ही मिले और साथ रहने के लिए राजी हो गए। वे दोनों साथ में रहकर शराब पीते थे। 3 से 7 दिसंबर तक आरोपी मृतिका के साथ था।
आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए। आसपास के लोगों से बात की। फोन रिकॉर्ड चेक कर जिन लोगों के नाम आ रहे थे उन सभी से पूछताछ की। इंस्टाग्राम अकाउंट्स देखे गए। जिसके बाद पता चला कि आरोपी प्रवीण धाकड़ है।
पता किया तो प्रवीण की लोकेशन गुना में पाई गई। फिर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना किया। जांच में पता चला था कि तीन-चार दिन पहले ही महिला ने किराए पर वहां कमरा लिया था और आरोपी प्रवीण धाकड़ के साथ रह रही थी। मकान मालिक के द्वारा डॉक्यूमेंट्स नहीं लिए गए थे और न ही थाने पर सूचना दी गई थी। इस पर मकान मालिक के खिलाफ अलग से 188 का मुकदमा दर्ज करेंगे।