आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर से उज्जैन के बीच का सफर अब और आसान होने वाला है। दोनों शहरों के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन की शुरुआत होगी। इस विषय में सांसद शंकर लालवानी ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर अनुरोध किया। सांसद का दावा है कि रेल मंत्री वैष्णव ने इसके लिए सहमति दे दी। जल्द ही प्रोसेस शुरू हो जाएगी।

अब माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इंदौर-उज्जैन के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन शुरू होगी। यह ट्रेन वर्ल्ड क्लास 8 कोच की रहेगी। सांसद शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद देते हुए कहा कि वंदे भारत ट्रेन की सौगात के बाद इंदौर-उज्जैन के बीच वंदे मेट्रो ट्रेन मिलना इंदौर के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

इससे दोनों शहरों के आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों तथा आम नागरिक को सहूलियत मिलेगी। साथ ही, वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ के दौरान यातायात के दबाव को कम करने में इस ट्रेन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

वंदे मेट्रो ट्रेन में है ये खास बात

वंदे मेट्रो 100 किलोमीटर से कम दूरी वाले शहरों के बीच चलेगी।

यह वंदे भारत एक्सप्रेस का कम दूरी का ही वर्जन है।

ये ट्रेन एक रूट पर दिन में 4 से 5 बार चलेंगी।

यह ट्रेन यात्रियों को रैपिड शटल जैसा अनुभव प्रदान करेगी।

इस ट्रेन में मेट्रो की तरह ही आठ कोच होंगे। सामान्य वंदे भारत ट्रेनों में 16 कोच होते हैं।

इससे जॉब करने वाले लोग और स्टूडेंट्स कम समय में एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा कर पाएंगे।

यात्री वर्ल्ड क्लास परिवहन सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

रेलवे तैयार कर रहा हाई-स्पीड टेस्टिंग ट्रैक

हाई-स्पीड ट्रेनों की टेस्टिंग के लिए इंडियन रेलवे हाई-स्पीड टेस्ट ट्रैक डेवलप कर रहा है। इस ट्रैक पर 220 Kmph की स्पीड से चलने वाली ट्रेनों की टेस्टिंग की जाएगी। यह टेस्टिंग ट्रैक 59 किलोमीटर लंबा होगा, जो राजस्थान के जयपुर से लगभग 70 किलोमीटर दूर जोघपुर मंडल में गुढा-थथाना मीठड़ी के बीच तैयार किया जा रहा है।

इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की टेस्टिंग फैसिलिटी

आने वाले सालों में इस ट्रैक पर वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ अन्य हाई-स्पीड ट्रेनों की टेस्टिंग की जाएगी। रेलवे ने दावा किया है कि इस टेस्टिंग ट्रैक प्रोजेक्ट के पूरा होने के साथ, भारत दुनिया में ऐसा पहला देश होगा, जिसके पास रोलिंग स्टॉक के लिए इंटरनेशनल स्टैंडर्ड की टेस्टिंग फैसिलिटी होगी।