सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में ई-सेल द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक फ्लैगशिप इवेंट ‘इम्प्रेनडिटोर 5.0’ का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमिता, तकनीकी कौशल और व्यावहारिक समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना है। प्रथम दिवस पर आयोजित हैकाथॉन, वेंचर हंट, स्टॉक मार्केट सिमुलेशन और स्टार्टअप प्रदर्शनी जैसी विभिन्न तकनीकी व व्यावसायिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के अवसर पर आरजीपीवी के कुलगुरु प्रो. आलोक शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के वातावरण को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे तकनीक और नवाचार का उपयोग कर देश और राज्य की प्रगति में योगदान दें तथा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें।

वक्ता सत्र को संबोधित करते हुए टीएनपी निदेशक प्रो. रूपम गुप्ता ने कहा, "रोजगार केवल नौकरी तक सीमित नहीं है। सभी बड़े स्टार्टअप्स की शुरुआत एक छोटे से कमरे से ही होती है। असफलता सफलता का विपरीत नहीं, बल्कि एक ही सिक्के का दूसरा पहलू है।"

एसओआईटी निदेशक प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि प्रत्येक संस्करण के साथ विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पिचिंग, प्रभावी विचारों की प्रस्तुति और फंड जुटाने के कौशल को महत्वपूर्ण बताया।

यूआईटी निदेशक प्रो. एस.एस. भदौरिया ने ‘इम्प्रेनडिटोर’ शब्द का अर्थ (इतालवी भाषा में 'उद्यमी') स्पष्ट करते हुए उद्यमिता को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "यदि आप समाज की किसी छोटी समस्या का भी बेहतर समाधान खोज लेते हैं, तो वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।"

सत्र में एलाइंटटुगेदर के सीईओ पीयूष शाह ने भी छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए। आयोजन के माध्यम से युवाओं को उद्योग जगत की तकनीकी एवं गैर-तकनीकी बारीकियों को समझने का सीधा अवसर मिला।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #आरजीपीवी #इम्प्रेनडिटोर #शुरू #युवाओं #उद्यमिता #उत्साह #सीएनएन #आरजीपीवीमेंइम्प्रेनडिटोर5