सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: शासकीय सरोजिनी नायडू कन्या स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय, भोपाल के गृह विज्ञान विभाग (मानव विकास) एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ब्यूटी एंड वेलनेस विषय पर सात दिवसीय व्यावहारिक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रम के उद्देश्यों की पूर्ति एवं छात्राओं को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य छात्राओं में व्यावसायिक दक्षता विकसित करना, आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के विविध अवसरों के लिए तैयार करना है।

कार्यशाला के अंतर्गत छात्राओं को त्वचा एवं फेशियल देखभाल, क्लींजिंग, टोनिंग एवं मॉइस्चराइजिंग, घरेलू एवं हर्बल फेस पैक, वैक्सिंग एवं थ्रेडिंग, हेयर केयर एवं हेयर स्टाइलिंग, मेहंदी अनुप्रयोग, मैनीक्योर, पेडीक्योर, नेल आर्ट, मेकअप तथा व्यक्तिगत ग्रूमिंग जैसी विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यशाला की विशेषता इसका व्यावहारिक स्वरूप है, जिसमें छात्राओं को विभिन्न सौंदर्य उपचारों की प्रक्रिया समझने के साथ-साथ उनका अभ्यास करने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ रश्मि सितलानी के विशेषज्ञ मार्गदर्शन से छात्राओं को ब्यूटी एवं वेलनेस के क्षेत्र से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी कौशल प्राप्त करने में सहायता मिल रही है। विशेषज्ञ प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राएँ सौंदर्य सेवाओं की विभिन्न प्रक्रियाओं, उपयुक्त उत्पादों के चयन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सुरक्षित कार्यप्रणाली के महत्त्व को समझ रही हैं। वर्तमान समय में ब्यूटी एवं वेलनेस का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है तथा इसमें स्वरोजगार, उद्यमिता और व्यावसायिक विकास की व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध हैं। इस प्रकार की कौशल-आधारित कार्यशालाएँ छात्राओं को पारंपरिक शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षताएँ अर्जित करने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही, उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, कार्यकुशलता एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में भी सहायक होती हैं।महाविद्यालय की प्राचार्य प्रतिमा यादव के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यशाला छात्राओं के सर्वांगीण विकास, कौशल संवर्धन तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। यह प्रयास राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने एवं शिक्षा को आजीविका के अवसरों से जोड़ने की भावना को सुदृढ़ करता है। कार्यक्रम के संयोजक इंदिरा जावेद एवं लक्ष्मी अग्निहोत्री हैं। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी पल्लवी पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम के सदस्य भावना रमैया, आरती साहू, ज्योत्सना तिवारी एवं वसिता वर्मा हैं।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #ब्यूटी #एंड #वेलनेस #विषय #सात #दिवसीय #कार्यशाला #ब्यूटीएंडवेलनेसविषय