आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस के भांडेर से विधायक फूल सिंह बरैया गुरुवार को राजभवन के सामने अपना मुंह काला करेंगे। बरैया ने पांच दिसम्बर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से कहा था कि वे सात दिसम्बर को राजभवन के सामने दोपहर दो बजे अपना मुंह काला करेंगे। बरैया बीजेपी को पचास से अधिक विधानसभा सीट में जीत मिलने पर ऐसा करने वाले हैं।
विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस प्रत्याशी रहे बरैया ने मीडिया को दिए बयान में कहा था कि अगर बीजेपी को इस चुनाव में पचास से अधिक सीटें मिल गईं तो वे राजभवन के सामने अपना मुंह काला करेंगे। चुनाव परिणाम आए तो बीजेपी को 163 सीट मिली हैं। इसके बाद बरैया जब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पांच दिसम्बर को हार के कारणों को लेकर बुलाई गई समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे तो मीडिया ने उनसे सवाल किया। इस पर बरैया ने कहा कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना मुंह जरूर काला करेंगे। वे गुरुवार को राजभवन के सामने दो बजे मुंह काला करेंगे और यह मीडिया, भाजपा, कांग्रेस नेताओं और सामाजिक संगठनों के बीच करेंगे।
बरैया समर्थक ने कल काला किया मुंह
फूलसिंह बरैया के समर्थन में किसान कांग्रेस नेता योगेश दंडोतिया ने मुंह काला किया। इस मौके पर कांग्रेस के एक अन्य नेता राजेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे नेता फूलसिंह बरैया को मुंह काला करने की जरूरत नहीं है। बीजेपी दलितों का मुंह काला करना चाहती है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि भाजपा ने 15 लाख रुपए हर व्यक्ति को देने का वादा किया था। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया। भाजपा ने अपने वादे पूरे नहीं किए। इसलिए बरैया को भी मुंह काला करने की जरूरत नहीं है। अब कांग्रेसी कार्यकर्ता अपने विधायक फूलसिंह बरैया को भोपाल जाकर मुंह काला करने से रोकेंगे। समर्थकों का कहना है कि कांग्रेस विधायक का मुंह काला नहीं, बल्कि सम्मान होना चाहिए।