आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को मुरैना आ रहे हैं। वे यहां भिण्ड, मुरैना तथा ग्वालियर की 16 विधानसभाओं के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित आम सभा को संबोधित करेंगे। इसमें मुरैना की 6, ग्वालियर की 6 तथा भिण्ड की चार विधानसभाओं के प्रत्याशी व उनके समर्थक मौजूद रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम मुरैना के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर पुलिस व प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 2000 पुलिसर्मियों को लगाया गया है। शहर के मुख्य मार्गों के ट्रेफिक को डायवर्ट किया गया है। कई जगहों पर आम नागरिकों और वाहनों की एंट्री को रोक दिया गया है।
एडिशनल एसपी अरविन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा केन्द्रीय मंत्री तथा दिमनी विधानसभा से प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी आ रहे हैं। तीन हेलीकॉप्टर पांचवी बटालियन स्थित हेलीपेड पर लैंड करेंगे। वहां से उनकी कार का काफिला सीधे पुलिस परेड ग्राउण्ड पर पहुंचेगा जो कि सीधा स्टेज के पास ही रुकेगा। इस मौके पर आईजी चंबल रेंज सुशांत सक्सैना, डीआईजी सौरभ पुरी तथा एसपी मुरैना शेलेन्द्र सिंह चौहान के दिशा निर्देशन में पूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। हेलीपेड से लेकर पुलिस परेड ग्राउण्ड तक पूरे मार्ग को कवर कर लिया गया है। इस रोड पर पड़ने वाले घर व गलियों को बेरीकेट्स लगाकर बंद कर दिया गया है।
यह रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
मुरैना के हाईवे क्रमांक-44 स्थित पुलिस पेट्रोल पंप से लेकर पांचवी बटालियन स्थित हेलीपेड को चारों तरफ से कवर किया हुआ है। इसके बाद हेलीपेड से लेकर पुलिस परेड ग्राउंड तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल सड़क के दोनों तरफ तैनात है। किसी को भी सड़क पर आने की इजाजत नहीं है। बेरीकेट्स से पूरा रोड लॉक कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में लगभग दो हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं।
नो फ्लाई जोन घोषित
पांचवी बटालियन तथा परेड ग्राउण्ड को पूरी तरह से नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाने की इजाजत नहीं है। सीआईडी तथा पुलिस की टीमे पहले ही अस्पताल व होटलों को निरीक्षण कर चुकी हैं। बस स्टेण्ड व रेलवे स्टेशन पर हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। पुलिस उनकी तलाशी भी ले रही है। सादा वर्दी में पुलिस की टीमें लगी हैं जो असमाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखे हुए हैं।
यह रहेगी पार्किंग व्यवस्था
1-आम स्थल में ड्यूटी में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों के वाहनो की पार्किंग पुलिस लाइन मुरैना में की गई है।
2-कार्यक्रम में आने वाले वीआईपी, अन्य अधिकारियों व मीडिया कर्मियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था एसएएफ कैंटीन, सुपर बाजार, तथा पांचवी वाहनी के पीछे खाली मैदान में की गई है।
3-केन्द्रीय मंत्री व राज्य मंत्रियों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी एसएएफ कैंटीन, सुपर बाजार, तथा पांचवी वाहनी के पीछे खाली मैदान में की गई है।
4-वीआईपी के अतिरिक्त अन्य पदाधिकारियों की पार्किंग व्यवस्था टॉउन हॉल व जीवाजी गंज में की गई है।
5-अंबाह, पोरसा व दिमनी क्षेत्र से आने वालों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था मालगोदाम स्टेशन पर की गई है।
6-सबलगढ़, जौरा, कैलारस, बानमौर, ग्वालियर की तरफ से आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था मेला ग्राउण्ड में की गई है। इसके अलावा उपरोक्त सभी क्षेत्रों से आने वाली बसों की पार्किंग व्यवस्था गल्ला मंडी में की गई है।
7-सभा स्थल पर आने वाले लोग अपने साथ पानी की बोतल, माचिस, लाइटर, धारदार वस्तु व बैग आदि लेकर बिल्कुल न आएं।
यह रहेगी रूट डायवर्सन व्यवस्था
1-सभी प्रकार के भारी वाहन जिनमें ट्रेक, बस, लोडिंग, ट्रेक्टर आदि शामिल हैं। उन सभी का प्रवेश मुरैना में पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
2-अंबाह, पोरसा, दिमनी की तरफ से आने वाले चार पहिया वाहन एवं बस मुड़ियाखेड़ा बायपास से लालौर फाटक, वहां से अंबाह बायपास की तरफ हाइवे के रास्ते आगरा-धौलपुर की तरफ जाएेंगे।
3-उपरोक्त सभी अंबाह, पोरसा व दिमनी की तरफ से आने वाले वाहन मुड़ियाखेड़ा बायपास से इमलिया तिराहा से नन्देपुरा से शिकारपुर रेलवे फाटक होते हुए छौंदा टोल टैक्स बैरियर की तरफ से ग्वालियर की तरफ जाएंगे।
4-जौरा, कैलारस, सबलगढ़ की ओर से शहर मुरैना की तरफ आने वाले चार पहिया वाहन, दो पहिया वाहन तथा ई-रिक्शा के लिए बैरियर चौराहा से केएस चौराहा से नैनागढ़, गल्लामंडी, मार्ग से माधौपुरा की पुलिस होते हुए गोपीनाथ पुलिया की ओर से शहर रेलवे स्टेशन की ओर से प्रवेश करेंगे।
5-दोपहर 12 बजे से सांय 6 बजे तक एसएएफ पेट्रोल पंप, व्हीआईपी रोड से लेकर संग्रहालय तक एवं जेल रोड से लेकर जिम चौराहा तक का पूर मार्ग समस्त प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।