आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  इन दिनों रेलवे लगातार ट्रैक मेंटेनेंस के कार्य कर रही है, जिसके चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों को कैंसिल किया गया है तो दूसरी तरफ अनेक ट्रेनों के रूट भी डायवर्ट किए जा रहे हैं, जिसके चलते यह ट्रेनों कई स्टेशनों पर ना जाते हुए दूसरे स्टेशनों से गुजर रहीं हैं, इससे हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है, कई बार यात्रियों को यह समझ नहीं आता है कि टिकट को कैंसिल करें या फिर ट्रेन को दूसरे या उसके अगले स्टेशन से पकड़े, जिससे की वह अपनी यात्रा कर सकें, तो आइए जाने ट्रेन के रूट डायवर्ट होने के बाद के पूरे नियम, कि किस तरह से आप उस ट्रेन को पकड़ सकते हैं।

डेढ़ महीने में 60 से अधिक ट्रेने हुई डायवर्ट

भोपाल रेल मंडल की करीब 60 से अधिक ट्रेने पिछले दो महीने नवंबर व दिसंबर में डायवर्ट हुई हैं, जिसको लेकर कई ट्रेने भोपाल, आरकेएमपी आने की बजाय सीधे इटारसी से होते हुए जबलपुर के रास्ते झांसी होते हुए दिल्ली या पंजाब आदि जाती हैं। इसी तरह से वापसी में भी यह ट्रेने इसी रूट पर आती हैं। वहीं अगर प्रदेश भर की बात करें तो इन डायवर्ट ट्रेनों की संख्या 80 से अधिक है। यह सभी ट्रेने मथुरा स्टेशन यार्ड रिमॉडलिंग, बुधनी बरखेड़ा तीसरी लाइन के चलते डायवर्ट या फिर निरस्त की गईं हैं।

एक मामला

दिल्ली के रहने वाली पल्लवी सिंह ने बताया कि हाल ही में वह भोपाल से मुम्बई एलटीटी जा रहीं थीं। इस समय मुझे ट्रेन का नाम ठीक से पता नहीं है मगर मैंने पेपर में पढ़ा की उस ट्रेन को डायवर्ट किया गया है। मैंने जब रेलवे हेल्प लाइन नंबर पर पता किया तो मुझे बताया गया कि मैं वो ट्रेन इटारसी से पकड़ सकती हूं, हालांकि उस समय करंट लोकेशन भी ऐप पर दिखाई नहीं दे रही थी। तब मेरे रेलवे के एक मित्र ने बताया कि मैं इटारसी जाऊं और मैंने ट्रेन को इटारसी से बोर्ड किया। मुझे टीटी ने भी बताया कि स्टेशन के अगले स्टॉप तक वह यह सीट किसी को नहीं देते।

यह है रूल या क्या कर सकते हैं यात्री ऐसे समय में

भोपाल रेल मंडल के रेल अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले यात्री किसी भी स्थिति में रेलवे हेल्प लाइन नंबर 139 पर संपर्क कर अपनी ट्रेन की सही स्थिति का पता करें।

उस स्थिति के अनुसार अगर आपकी ट्रेनें मान लीजिए भोपाल स्टेशन पर नहीं आ रही है तो अगले जिस भी स्टेशन पर कनेक्ट हो रही है आप वहां से ट्रेन ले सकते हैं।

रेलवे का टिकट चैंकिंग स्टॉफ संबंधित स्टेशन के अगले स्टेशन तक वह सीट किसी और यात्री को अलॉट नहीं करता है।

नहीं जाने की स्थिति में आप टिकट को कैंसिल करा 100 प्रतिशत रिफंड ले सकते हैं।