भोपाल । राजधानी की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। दाम बढने की बात तो कांग्रेसियों का प्रोपेगेंडा है। अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद छिड़ गया है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस विधायक जनता से दूर चले गए थे। आपके बीच सिर्फ भाजपा के जनप्रतिनिधि ही पहुंचे। प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता और पूर्व मुख्‍यमंत्री कमल नाथ के मीडिया समन्‍वयक नरेंन्द्र सलूजा ने कहा कि साध्वी कभी जमीन उतरीं नहीं, वो क्या जानें कि जनता महंगाई से कितनी परेशान है। सच तो यह है कि साध्वी को उनकी ही पार्टी गम्भीरता से नहीं लेती। उन्‍होंने इस संदर्भ में एक ट्वीट के जरिए भी सांसद प्रज्ञा ठाकुर पर निशाना साधा। उन्‍होंने ट्वीट किया – ‘बाढ़ के लिये कांग्रेस ज़िम्मेदार..? महंगाई के लिये नेहरू जी का भाषण ज़िम्मेदार…? महंगाई से कष्ट हो तो अफगानिस्तान चले जाओ…? और अब सांसद प्रज्ञा ठाकुर कह रही है कि महंगाई कुछ नही, यह कांग्रेस की मानसिकता का प्रोपेगंडा….? जल्द ही इन सभी को मानसिक चिकित्सालय भेजिये…। यहां पर यह बता दें कि भोपाल में पिछले आठ महीने में पेट्रोल के दाम 18 रुपये 41 पैसे बढ़े हैं। जनवरी में जहां पेट्रोल के दाम 91.50 रुपये प्रति लीटर थे, वहीं वर्तमान में पेट्रोल के दाम 109.91 रुपये प्रतिलीटर पर है। दो दिन पहले तक तो सादा पेट्रोल का भाव भी 110 रुपये प्रति लीटर से अधिक था। दाम इसी तरह आठ महीने पहले डीजल के दाम 81.68 रुपये प्रतिलीटर थे, जो अब बढ़कर 97.72 रुपये प्रतिलीटर पर पहुंच गए हैं। इस तरह डीजल में आठ महीनों के अंदर 16 रुपये चार पैसे की बढ़ोतरी हो गई है।