मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिये घोषित कार्यक्रमानुसार तृतीय चरण का मतदान शुक्रवार, 8 जुलाई 2022 को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। इस दौरान सतना जिले के 2 विकासखंडों की 212 ग्राम पंचायतों के 765 मतदान केन्द्रों में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सरपंच और पंच पदों के लिये मतदान मतपत्रों के माध्यम से किया जाएगा। इनमें विकासखंड मैहर की 115 ग्राम पंचायतों के 408 मतदान केन्द्रों एवं विकासखंड रामपुर बघेलान की 97 ग्राम पंचायतों के 357 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं द्वारा मतदान किया जाएगा।
विकासखंडवार की स्थिति में विकासखंड मैहर में 1 लाख 11 हजार 640 पुरुष, 1 लाख 02 हजार 424 महिला और 3 अन्य मतदाता मिलाकर कुल 2 लाख 14 हजार 67 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। इसी प्रकार विकासखंड रामपुर बघेलान में 1 लाख 06 हजार 589 पुरुष, 99 हजार 878 महिला और 1 अन्य मतदाता मिलाकर कुल 2 लाख 06 हजार 468 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। इस प्रकार दोनों विकासखंडों में 2 लाख 18 हजार 229 पुरुष, 2 लाख 02 हजार 302 महिला एवं 4 अन्य मतदाता सहित कुल 4 लाख 20 हजार 535 मतदाता मतदान प्रक्रिया में शामिल होंगे।
जिला पंचायत के 9 और जनपद पंचायत के 50 वार्डों के लिये होगा मतदान
तृतीय चरण के मतदान में शामिल विकासखंड मैहर के 5 और रामपुर बघेलान के 4 जिला पंचायत वार्डों के लिये जिला पंचायत सदस्य का मतदान संपन्न होगा। इसी प्रकार विकासखंड मैहर के 25 जनपद पंचायत वार्ड और 1970 पंच पद तथा रामपुर बघेलान के 25 जनपद पंचायत वार्ड के सदस्य और 1728 पंच पद के लिये मतदान होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा तृतीय चरण के मतदान में शामिल विकासखंडों में शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के उद्देश्य से विकासखंड मैहर को 35 और रामपुर बघेलान को 29 सेक्टर में विभाजित करते हुये प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक सेक्टर के लिये चिकित्सा अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रत्येक विकासखंड को 4 से 5 विशेष सेक्टर में विभाजित कर अनुविभागीय दंडाधिकारी के साथ-साथ 2-2 कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और एक-एक पुलिस अधिकारी को भी इन सेक्टरों में तैनात किया गया है। नियुक्त सेक्टर अधिकारी और संबंधित पुलिस अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर क्षेत्र का लगातार भ्रमण करेंगे।