सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, भोपाल में राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित राजभाषा पखवाड़ा 2026 का समापन समारोह को हबीबगंज स्थित नर्मदा रेलवे क्लब ऑडिटोरियम में मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी के मुख्य आतिथ्य में उल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विविध संस्कृतियों और भाषाओं वाला देश है तथा हिंदी इसमें प्रमुख भाषा के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

भारतीय रेल और हिंदी दोनों ही देश को एक सूत्र में जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक बहुभाषी देश है और देश की सभी भाषाएं एवं बोलियां हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें प्रोत्साहित करना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है। उन्होंने हिंदी में मौलिक लेखन को सहज एवं स्वाभाविक बताते हुए अपनी भाषा के प्रति लगाव को राष्ट्र प्रेम का एक रूप बताया। मंडल रेल प्रबंधक ने वर्तमान तकनीकी युग में हिंदी की बढ़ती उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर, इंटरनेट, रेलनेट, यात्री आरक्षण प्रणाली, ई-टिकट, मोबाइल टिकट बुकिंग, रेलवे वेबसाइट एवं सोशल मीडिया जैसे डिजिटल माध्यमों ने हिंदी को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हिंदी का महत्व केवल राजभाषा के रूप में ही नहीं, बल्कि जनभाषा के रूप में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे दिलीप कुमार सिंह की ओर से हिंदी दिवस के अवसर पर जारी संदेश का वाचन अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/प्रशासन अभिराम खरे द्वारा किया गया।

राजभाषा पखवाड़ा समापन पर 85 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, हास्य कवि सम्मेलन

हास्य कवि सम्मेलन ने बांधा समां समारोह का प्रमुख आकर्षण हास्य कवि सम्मेलन रहा। भोपाल के प्रसिद्ध कवि श्री दीपक शुक्ला ‘दानादन’, गीतकार अर्जुन सिंह चांद (झांसी), प्रियंका मिश्रा (जबलपुर) तथा कुलदीप ठाकुर ‘रंगीला’ ने अपनी हास्य, व्यंग्य एवं मधुर रचनाओं से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भरपूर मनोरंजन किया। कवियों की चुटीली प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं और कार्यक्रम का वातावरण हास्य एवं उल्लास से सराबोर रहा।

उत्कृष्ट कार्य एवं प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार समारोह के दौरान वर्षभर हिंदी में उल्लेखनीय कार्य करने वाले मंडल के 10 अधिकारियों एवं 40 कर्मचारियों तथा राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल 35 कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी द्वारा राजभाषा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में समस्त शाखा प्रमुख, यूनियन पदाधिकारी सहित मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी शिवरमण शुक्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी वृजेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। राजभाषा पखवाड़े के माध्यम से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, मौलिक लेखन तथा राजकीय कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #पखव #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #2026 #वरण