सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सही पोषण, देश रोशन’ अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग एवं मुस्कान संस्था के संयुक्त प्रयास से आंगन मिलन सेवा के तहत बांणगंगा परियोजना के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 654, सूरज नगर में संवाद, सहभागिता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को सही पोषण, स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में पोषण मटका एवं विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया। उपस्थित महिलाओं एवं परिवारों को दैनिक जीवन में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 26 की पार्षद रुक्मणी उइके, जोन अध्यक्ष अनीता कनेजा, सीडीपीओ अखिलेश चतुर्वेदी, सुपरवाइजर नीलम शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से एएनएम अनीता मिश्रा, आशा कार्यकर्ता सुमन एवं सपना सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिलाएं, धात्री माताएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। मुस्कान संस्था की ओर से कविता एवं फैसिलिटेटर पूजा ने सहभागिता की। कार्यक्रम में लगभग 80 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत आंगन मिलन सेवा के परिचय से हुई। इसके बाद सामूहिक रूप से “आंचल के तुझे मैं लेके चलूं, एक ऐसे गगन के तले” गीत प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह एवं अपनत्व का वातावरण बना।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इन योजनाओं से उन्हें किस प्रकार लाभ मिल रहा है। उनके अनुभवों से अन्य महिलाओं एवं किशोरियों को भी शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को पोषण एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने बच्चों, किशोरों एवं महिलाओं को कुपोषण से मुक्त, स्वस्थ एवं मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने तथा राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र की दोनों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें श्रीफल एवं शॉल भेंट किए गए। यह सम्मान समुदाय में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने में उनके निरंतर योगदान के प्रति आभार का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को फलों का वितरण कर किया गया। पूरे आयोजन में महिलाओं, किशोरियों, माताओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय में पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी बढ़ाने के साथ सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया गया।

“सही पोषण, स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज” के संकल्प के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #तहत #गनव #जनज #DeskSource #एनएन #टवर #आईट