आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तर भारत में बर्फ पिघलने का असर मध्यप्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। 10KM प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश के 15 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। दतिया की रात सबसे सर्द रही। यहां न्यूनतम पारा 6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पचमढ़ी में यह 7.2 डिग्री रहा। सबसे ज्यादा न्यूनतम पारा टीकमगढ़ में 13.5 डिग्री रहा।
दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। सोमवार को 23 शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 25 डिग्री के नीचे रहा। पचमढ़ी 19 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मलाजखंड दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। इंदौर में एक ही दिन में 4.2 डिग्री की गिरावट हुई। यहां 23 डिग्री टेम्प्रेचर दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। अब बर्फ पिघल रही है। वहां से आ रही हवा के कारण मौसम में ठंडक घुल गई है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिन तक मौसम का असर ऐसा ही रहेगा। रात के टेम्प्रेचर में और भी गिरावट हो सकती है।
22-23 दिसंबर को बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिक हुसैन ने बताया कि 22-23 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान है। तब तक ठंड का असर बना रहेगा।
बड़े शहरों में सोमवार रात का पारा
भोपाल 10.5 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
इंदौर 12.2
ग्वालियर 7.2
जबलपुर 7.2
यहां सोमवार रात का पारा 10° से नीचे
उमरिया 6.5 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
रीवा 6.6
मंडला 7
मलाजखंड (बड़वानी) 7.2
नौगांव (छतरपुर) 7.5
सागर 8.0
रायसेन 8.2
राजगढ़ 8.3
सतना 8.4
दमोह 8.5
बैतूल 8.8
खजुराहो (छतरपुर) 9
गुना 9
खरगोन 9
छिंदवाड़ा 9.4
खंडवा 9.4
सिवनी 9.4
ट्रेन में बैतूल के युवक की ठंड से मौत
सोमवार को कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन की जनरल बोगी में एक यात्री का शव इटारसी से दमोह तक 303 किमी सफर करता रहा। ठंड में अटैक से युवक की मौत हो चुकी थी, लेकिन उसके कान में ईयर फोन लगे थे और शव कुर्सी पर कुछ इस तरह से रखा रहा कि दूसरे यात्री उसे नींद में समझते रहे। बाद में यात्रियों ने जबलपुर कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद शव स्टेशन पर उतारा गया। मृतक युवक बैतूल निवासी वसीम (33) पिता अब्दुल सलीम खान बताया गया है।