आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को उज्जैन में महाकाल के दर्शन किए। वे देवास में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर सीहोर के रास्ते भोपाल आ रहे हैं। यहां बैरागढ़ से पीसीसी कार्यालय तक रोड शो करेंगे। जीतू दोपहर करीब 4 बजे पदभार ग्रहण करेंगे।
कमलनाथ ने पटवारी को नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जीतू पटवारी के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
जीतू के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी समेत तमाम सीनियर लीडर्स को आमंत्रित किया गया है।
बैरागढ़ से शुरू होगा रोड शो
जीतू पटवारी बैरागढ़ से रैली के रूप में इमामी गेट, बुधवारा, लिली टॉकीज चौराहा, रोशनपुरा और लिंक रोड होते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वरिष्ठ नेताओं एवं कांग्रेसजनों की उपस्थिति में पदभार ग्रहण करेंगे। स्वागत रैली में मप्र विधानसभा में नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भी मौजूद रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दी बधाई
जीतू पटवारी के पदभार ग्रहण के पहले पूर्व सीएम कमलनाथ ने X पर लिखा- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष जीतू पटवारी कल (मंगलवार) अपराह्न 3:00 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। मैं जीतू पटवारी को नई पारी के लिए पुनः शुभकामनाएं देता हूं। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अपील करता हूं कि भोपाल पहुंचकर पदभार ग्रहण कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों। कांग्रेस को मजबूती प्रदान करें।
कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी बने MP कांग्रेस अध्यक्ष
विधानसभा चुनाव में हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, चौथी बार के विधायक उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि भिंड के अटेर से विधायक हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष बनाए गए हैं।
कमलनाथ कार्यकाल में जीतू, सिंघार साइडलाइन रहे; नए कॉम्बिनेशन में यही सबसे फिट
विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस में बड़ी सर्जरी हुई। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक उमंग सिंघार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया है। हेमंत कटारे को विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।