आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देवास जिले की हाटपीपल्या विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनोज नारायण चौधरी सीढ़ियों से फिसल गए। उनके पैर में चोट लगी है। समर्थकों ने उन्हें देवास के निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने चौधरी का इलाज किया। पैर में मोच आ गई है। फिलहाल डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

मनोज चौधरी ने बताया कि हाटपीपल्या में जनसंपर्क के दौरान उनका पैर सीढ़ियों फिसला और उसमें मोच आ गई। डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी है, लेकिन अभी चुनाव का समय है। ऐसे में अलग-अलग डॉक्टरों से सलाह लेकर ले रहे हैं।

BSP प्रत्याशी के ममेरे भाई को फोन पर दी जा रही धमकी

भिंड के मेहगांव विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी राजवीर सिंह बघेल के ममेरे भाई रवि बघेल को मोबाइल पर धमकी दी जा रही है। इस बात की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस माेबाइल नंबर साइबर टीम को देकर आरोपी की तलाश कर रही है।

बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी राजवीर बघेल ने बताया कि पिछले चार से पांच दिनों से ऐसा हो रहा है। मेरे ममेरे भाई रवि बघेल को अज्ञात आरोपी फोन करके धमकी दे रहा है। जब आरोपी से उसका नाम पूछा तो उसने फर्जी नाम बताया। वह बसपा का प्रचार बंद करने की धमकी दे रहा है।

पीएम मोदी की MP में तीन सभाएं; प्रियंका दो सभा और एक रोड शो करेंगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्यप्रदेश के तीन जिलों दमोह, गुना और मुरैना में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम एक सप्ताह में चौथी बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वे सुबह 11 बजे दमोह के ​इमलाई गांव स्थित सभास्थल पर पहुंचेंगे। गुना में दोपहर 1:30 बजे दशहरा मैदान पर और मुरैना में चार बजे परेड ग्राउंड पर सभा करेंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दोपहर 12 बजे इंदौर के सांवेर के मांगलिया और दो बजे देवास के खातेगांव में सभा करेंगी। शाम 4.55 बजे इंदौर में उनका रोड शो है। उत्तर प्रदेश, गुजरात और असम के मुख्यमंत्री भी सभाएं और रोड शो करेंगे।

पढ़िए आज कौन नेता, कहां पर

अखिलेश यादव, सपा प्रमुख: दोपहर 2.15 बजे चित्रकूट के मझगवां में जनसभा।

मायावती, बसपा सुप्रीमो: सुबह 11 बजे सतना में सभा।

ज्योतिरादित्य सिंधिया: दोपहर 3.30 बजे देवास में जनसभा।

अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान: 1 बजे गुना के चाचौड़ा में सभा।

शिवराज सिंह चौहाल, एमपी के सीएम: पानसेमल, सेंधवा, भगवानपुरा, भीकनगांव, मांधाता, खिलचीपुर, राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़ और सीहोर में जनसभा करेंगे।

योगी आदित्यनाथ, यूपी के सीएम : सुबह 11 बजे पन्ना, 12.45 बजे निवाड़ी के पृथ्वीपुर, 2.35 बजे उदयपुरा, 3.30 बजे नरसिंहपुर में सभा।

भूपेंद्र भाई, गुजरात के सीएम : दोपहर 1 बजे पेटलावद के रायपुरिया में जनसभा, 3.10 बजे शाजापुर विधानसभा के चौसला कुलमी में सभा।

हेमंत बिस्वा, असम के सीएम : दोपहर 12 बजे मांधाता में जनसभा, 3 बजे पंधाना में रोड शो और सभा, शाम 6 बजे खंडवा में आमसभा।