सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत निर्वाचन आयोग के आवाहन अनुसार मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारीगण मौजूद थे । कार्यक्रम का संचालन और विषय प्रवर्तन करते हुए, विश्वविद्यालय के निदेशक रतन सूर्यवंशी ने निर्वाचन प्रणाली और मतदान के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने अपने मास्टर ट्रेनर कार्यकाल को याद किया और उपस्थित दर्शकों से आवाहन किया कि, वह अपना वोट अवश्य डालें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, भोज मुक्त विश्वविद्यालय के निदेशक एल.पी.झरिया ने निर्वाचन आयोग की कार्य प्रणाली और भारत में चुनाव के इतिहास पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के कुलसचिव अनिल कुमार शर्मा ने इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि, किस प्रकार एक वोट से न केवल भारत में अपितु विश्व में बड़े-बड़े निर्णय लिए गए और एक वोट ने कई सरकारों को गिराया या किसी को विजयश्री मिली।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए, विश्वविद्यालय की वरिष्ठ सलाहकार डॉ. स्मिता राजन ने अवगत कराया कि, इस बार के चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा 80 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग मतदाताओं के लिए उनके घर पर ही मतदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होने या भी बताया कि, इस बार पिंक बूथ भी बनाए जाएंगे, जिसमें मतदान दल के सभी सदस्य केवल महिलाएं ही होंगी ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की वित्त नियंत्रक श्रीमती संतोष सोनकिया शर्मा ने अपने अनुभव साझा किए और लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए, विश्वविद्यालय के कुलपति संजय तिवारी ने लोगों से आवाहन किया कि, वह अपना मतदान अवश्य करें और साथ ही साथ अपने परिवार के सभी साथियों और आस-पड़ोस को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। संजय तिवारी ने इस अवसर पर उपस्थित समस्त विश्वविद्यालय परिवार को मतदान करने के लिए शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्मित प्रेरक वीडियो को भी दिखाया गया।