आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आलमी तब्लीगी इज्तिमा में इस बार पानी बचाने के लिए नया प्रयोग किया जा रहा है। इज्तिमा स्थल पर 1.70 करोड़ लीटर पानी (वजू और और अन्य कार्य ) को रिसाइकिल किया जाएगा। इसके बाद इसे जमीन के अंदर छोड़ा जाएगा, ताकि ग्राउंड वॉटर लेवल बढ़ सके। गंदे पानी को शत प्रतिशत निस्तारण की योजना पीएचई विभाग और इंतजामिया कमेटी ने बनाई है। इससे पहले इस पानी को पाइप लाइन के जरिए नालों में बहा दिया जाता था।

राज्य स्तरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सलाहकर समिति के सदस्य इम्तियाज अली ने बताया कि इज्तिमा में वाॅटर रिसाइकिल को दो अलग-अलग कैटेगिरी में बांटा गया है। पहली- यहां बने 5500 शौचालय और बाथरूम के पानी को रिसाइकिल करने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत सभी शौचालय और बाथरूम के नीचे पाइप लाइन दी गई हैं। इससे होते हुए पानी चार बड़े टैंक में स्टोर होगा। यहां से पानी को 5 हजार वर्ग फीट के टैंक में पहुंचेगा। इस टैंक में पानी के अंदर विशेष कल्चर का घोल मिलाया जाएगा, जिससे पानी से दुर्गंध दूर हो जाएगी। इस पानी का इस्तेमाल खेती में किया जा सकेगा। पानी की मात्रा अधिक होने पर उसे पास के नाले में छोड़ दिया जाएगा।

वजू का पानी साफ होता है। इसमें केमिकल नहीं मिला होता। हाथ-पैर धोने के दौरान यह पानी वजू खाने में बनी टीन की नाली में गिरता है। इससे यह पानी सीधा एक बड़े से टैंक में जाएगा। इस टैंक से पानी को बड़े से कच्चे तालाबनुमा गड्‌ढे में छोड़ दिया जाएगा। इस पानी को जमीन सोख लेगी।

नमाज ए फजर से शुरू हुआ इज्तिमा

शुक्रवार को शुरू हुए इज्तिमा में पाकिस्तान को छोड़कर 15 देशों की जमात शिरकत कर रही हैं। करीब 450 एकड़ में यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें खाने के जोन और लोगों के ठहरने के इंतजाम किए गए हैं। बाद नमाज ए फजर मौलाना जमशेद मऊनाथ भंजन की तकरीर होगी।

बयानों में तालीम पर दिया जोर, हक के रास्ते पर चलने की भी हुई बात

आलमी तब्लीगी इज्तिमा 2023 शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के साथ शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के मौलाना जमशेद की तकरीर के साथ हुई। सुबह करीब 6:30 बजे शुरू होने वाली तकरीर में उन्होंने दीन और हक के रास्ते पर चलने की बात तो की ही, साथ ही उन्होंने छोटे बच्चों की तालीम की बात पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मस्जिद का माहौल आदमी के ईमान को पुख्ता करता है। लोगों को धर्म के रास्ते पर चलना चाहिए। इससे अल्लाह हमें गुनाहों से दूर रखते हैं। जितना आदमी ईमान के करीब आएगा, अल्लाह बुरे कामों से दूर रखेंगे। उन्होंने कहा कि जो आदमी हक की तहकीक करेगा, अल्लाह उसके लिए जन्नत का रास्ता आसान फरमाते हैं। अल्लाह उसे हर छोटे बड़े शिक्र से पाक करेंगे।

उन्होंने कहा कि हर घर में तालीम हो, इससे इंसान बुराईयों से दूर रहेगा। छोटे छोटे बच्चों के बारे में भी फिक्र करें। उन्होंने यह भी कहा कि जो तुम पर ज्यादती करे उसे माफ कर दें, यह कड़वा घूंट जरूर है, मगर यह ईमान वाले लोगों की पहचान भी है। इसलिए माफ करने वाला इंसान बनें।

5 बड़े इस्लामिक आयोजनों में से एक है भोपाल इज्तिमा

दुनिया के पांच बड़े इस्लामिक आयोजनों में से एक भोपाल का आलमी तब्लीगी इज्तिमा है। इज्तिमा 8 से 11 दिसंबर तक होगा। दुनियाभर से इसमें शामिल होने वालों की संख्या लाखों में है, जबकि आखिरी दिन 12 से 13 लाख लोग दुआ में शामिल होते हैं।

ये हैं इंतजाम…

इज्तिमा आयोजन के 77 बरस में पहली बार सामूहिक निकाह आयोजन के पहले दिन होंगे। इस बार करीब 350 से ज्यादा निकाह रजिस्ट्रेशन हुए हैं।

पानी के लिए…20 किमी लंबी पाइप लाइन, 52 ट्यूबवेल, 22500 टोटियां, एक करोड़ लीटर पानी प्रतिदिन।

नहाने और वजू के लिए गर्म पानी, 2000 लीटर पानी की 8 टंकियों में गर्म होता रहेगा पानी।

दोगुना वोलेंटियर, रखेंगे सफाई का ख्याल, पंडाल में डस्ट बीन।

सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से इज्तिमागाह को रखा जाएगा बदबू रहित

इज्तिमा प्रबंधन से जुड़े जावेद मियां कंजे, मौलवी मिस्बाह उद्दीन, हकीम साहब, मुन्ने मियां याद किए जा रहे हैं।