सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भारतीय वन प्रबंध संस्थान, भोपाल द्वारा “मिशन लाइफ – लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्ष्ता आईआईएफएम के निदेशक के. रविचंद्रन; सी.पी. काला, अध्यक्ष (एमडीपी), आईआईएफएम तथा योगेश दुबे, कार्यक्रम निदेशक, आईआईएफएम द्वारा की गयी।
अपने उद्घाटन भाषण में, के रविचंद्रन ने वर्तमान वैश्विक विकासात्मक एवं पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करने के लिए व्यक्तिगत व्यवहार परिवर्तन की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “अपनी आदतों में बदलाव लाकर और अपने आस-पास के लोगों को टिकाऊ प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करके, हम पर्यावरण पर महत्वपूर्ण सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं साथ ही जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को भी कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने भारत सरकार की इस पहल के सात प्रमुख विषयों जैसे – जल बचाएं, ऊर्जा बचाएं, अपशिष्ट कम करें, ई-कचरा कम करें, एकल-उपयोग प्लास्टिक को ना कहें, स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएं एवं एक सतत खाद्य प्रणाली अपनाएं, पर भी प्रकाश डाला।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जायेंगे, जिसमें मिशन लाइफ – विषयगत क्षेत्रों का अवलोकन, ग्रह-समर्थक लोगों के लिए व्यवहार-आधारित समाधान, जल संकट: चुनौतियां और समाधान, शहरी हरित और नीले स्थानों का प्रबंधन तथा सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाना, आदि जैसे आवश्यक विषय शामिल किये गए है। साथ ही इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को सतत खाद्य प्रणाली के व्यावहारिक कार्यान्वयन को समझने के लिए विदिशा में कल्पवृक्ष फार्म भी ले जाया जाएगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य “मिशन लाइफ – लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट” के प्रति जनता में गहरी समझ विकसित करना है। भारत सरकार की यह अनोखी पहल जनता को पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाने तथा “ग्रह समर्थक” व्यक्ति बनने के लिए स्थायी प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है।