सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर हजारों कांग्रेसजनों की बीच पदभार ग्रहण किया। पटवारी सुबह 9 बजे इंदौर से प्रस्थान कर उज्जैन पहुंचे जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
पटवारी उज्जैन, देवास, सोनकच्छ, आष्टा, सीहोर बायपास मार्ग से होते हुए सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे और बैरागढ़ से एक विशाल रैली के रूप में इमामी गेट, लिली टॉकीज, रोशनपुरा, लिंक रोड से होते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे जहां उन्होंने एक बड़ी सभा के बीच पदभार ग्रहण किया। साथ मप्र विधानसभा के नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे भी पटवारी के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। पटवारी ने सभा को संबोधित करने के बाद तृतीय तल स्थित कक्ष में विधि-विधान से पूजा अर्चन कर पदभार ग्रहण किया।
पटवारी ने पदभाग ग्रहण करते हुए कहा कि अभा कांग्रेस नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी हैं उस जिम्मेदारी पर पूरी तरह खरा उतरूंगा। उन्होंने अभा कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्षद्वय सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व मुख्यमंत्री द्वय कमलनाथ एवं दिग्विजयसिंह सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया।
पटवारी ने कहा कि तीन बजे आना था लेकिन रात के नौ बज गये, अद्भुत उत्साह कांग्रेसजनों में कांग्रेस की विचारधारा में है। यहां बैठे सभी वरिष्ठ, युवा, माताएं बहनों के प्यार और स्नेह का आभारी हूं। प्रदेश दो पटरियों पर चलता है एक सत्ता की जो प्रदेश की सेवा करें और दूसरे विपक्ष जो जनता की आवाज को उठाने का काम करती है, जो वचन पत्र भाजपा ने उसको पूरा कराने की जिम्मेदारी होती है। अब हमारे हाथों में भाजपा का वचन पत्र होना चाहिए। भाजपा सरकार ने 18 सालों में प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया है। जितना तगड़ा झटका लगता है, उतनी बड़ी सफलता मिलती है। लोकतंत्र में जीत और हार होती है।
भाजपा नफरतों से भर गई है। हम सभी लोग इनकी नफरत और घृणा की राजनीति को पूरी ताकत से जबाव देंगे।
पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जो वादे किये अपने मेनिफेस्टो के वादे निभाए, भाजपा तत्काल गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रू. क्विंटल करें, धान का समर्थन मूल्य 3100 रू. क्विंटल करें। गैस सिलेंडर 450 रुपए में दें। महिलाओं को 3000 रू. लाडली बहना योजना में देने का वादा चुनाव में किया गया था, उसे पूरा किया जाए। हर परिवार को रोजगार दिया जाए।
मध्य प्रदेश विधानसभा में डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का हम स्वागत करते हैं लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर को विधानसभा से निकालकर भाजपा ने घोर अन्याय किया है। विधानसभा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, राष्ट्र निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू और संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर तीनों की तस्वीर लगनी चाहिए थी। हम पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का मेनिफेस्टो लेकर जाएंगे और भाजपा से मेनिफेस्टो पूरा कराने के लिए पूरी ताकत से अपनी बात रखेंगे। यदि भाजपा मेनिफेस्टो के वादे जल्दी पूरा नहीं करती तो राजधानी भोपाल में दो लाख लोगों की विशाल रैली करके उन पर वचन पूरा करने के लिए दबाव डाला जाएगा।
कांग्रेस ने विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन का समर्थन कर सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है। सत्ता पक्ष यदि अपने वादे पूरे नहीं करती है तो जनता की लड़ाई हम सड़कों पर लड़ेंगे।
पटवारी के पदभार समारोह में पूर्व केबिनेट मंत्री अरूण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, रामनिवास रावत, प्रकाश जैन, अशोक सिंह, राजेन्द्र सिंह, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, कमलेश्वर पटेल, जयवर्धन सिंह, लखन घनघौरिया, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, दिनेश गुर्जर, रजनीश सिंह, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा, एन.पी. प्रजापति, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी, गोविंद गोयल, महेंद्र जोशी, जेपी धनोपिया, अभय दुबे, के.के. मिश्रा, विभा पटेल, चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, आशुतोष चौकसे, प्रदीप अहिरवार, सहित प्रदेश भर से आये विधायकगण, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी भोपाल के कांग्रेस पाषर्दगढ़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गण, जिला अध्यक्षगण, सहित हजारों की संख्या में कार्यकताओं का जनसैलाब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उपस्थित था।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने मंच का संचालन किया।