आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल की सभी 7 विधानसभा के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर, शनिवार से शुरू होगी। नामांकन ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों ही तरीकों से भरे जा सकेंगे। गोविंदपुरा और दक्षिण-पश्चिम के लिए एडीएम कलेक्टोरेट में नामांकन लेंगे, जबकि बाकी पांच विधानसभा के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम ऑफिस में लेंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान यहां सुरक्षा का कड़ा घेरा रहेगा। तय संख्या में ही उम्मीदवार और उनके साथी नामांकन दाखिल करने जा सकेंगे।
भोपाल में कुल 7 विधानसभाएं हैं। इनमें नरेला, गोविंदपुरा, हुजूर, दक्षिण-पश्चिम, मध्य भोपाल, उत्तर भोपाल और बैरसिया शामिल हैं। इनमें उतरने वाले उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 20 लाख 87 से अधिक मतदाता करेंगे। इससे पहले नामांकन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होगा, जो 30 अक्टूबर तक चलेगी। नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है। ताकि, वे जान सकें कि उन्हें नामांकन के दौरान क्या-क्या सावधानियां रखनी हैं और क्या दस्तावेज जमा करने होंगे।
उम्मीदवारों के लिए यह गाइडलाइन
कोई भी उम्मीदवार ऑफलाइन रिटर्निग अधिकारी के सामने खुद मौजूद रहकर नामांकन दाखिल करेंगे।
सुविधा एप के जरिए वे ऑनलाइन नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं।
निक्षेप (जमानत) राशि का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।
नामांकन फॉर्म के साथ उम्मीदवार को फॉर्म-2 बी नामांकन फार्म, फॉर्म 26, शपथ पत्र व बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
आपराधिक रिकॉर्ड के प्रकाशन के लिए प्रारूप सी-1 एवं सी-4 देना होगा।
इन जगहों पर भरे जाएंगे नामांकन
विधानसभा यहां लिए जाएंगे नामांकन
गोविंदपुरा एडीएम उत्तर ऑफिस, कलेक्टोरेट
दक्षिण-पश्चिम एडीएम दक्षिण ऑफिस, कलेक्टोरेट
हुजूर एसडीएम ऑफिस, हुजूर
भोपाल उत्तर एसडीएम ऑफिस, बैरागढ़
भोपाल मध्य एसडीएम ऑफिस, शहर
नरेला एसडीएम ऑफिस, गोविंदपुरा
बैरसिया एसडीएम ऑफिस, बैरसिया
भोपाल की 7 विधानसभा में 20.86 लाख मतदाता
चुनाव में भोपाल की 7 विधानसभा के 20 लाख 86 हजार 569 मतदाता वोट डालेंगे। 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के 27 हजार वोट हैं, जबकि 8 हजार दिव्यांग वोटरों के लिए हर मतदान केंद्र पर व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को घरों से भी लाने ले जाने की व्यवस्था रहेगी।
जिले के कुल मतदाताओं में 10 लाख 74 हजार 376 पुरुष और 10 लाख 11 हजार 681 महिला मतदाता हैं। 174 अन्य यानी थर्ड जेंडर हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गोविंदपुरा में 3 लाख 92 हजार 905 हैं। वहीं, सबसे कम भोपाल दक्षिण-पश्चिम में 2 लाख 31 हजार 849 मतदाता हैं।