आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत आज से हो गई है। इससे पहले राजधानी के बाजारों में ग्राहकों की भीड़ है। व्यापारियों का कहना है कि कोरोना काल के बाद पहली बार ऐसी रौनक है। इसके चलते ही धनतेरस पर आज धन भी खूब बरसेगा। करीब 1200 कारें, 5 हजार से ज्यदा बाइक बिकेंगी, तो 400 के आसपास प्रॉपर्टी के सौदे भी होंगे। अपने मनपसंद मॉडल की कार-बाइक की बुकिंग एक महीने पहले से हो चुकी है। सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में भी खूब कारोबार होगा।
फेस्टिवल के चलते पुराने शहर के बाजार हो या न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, कोलार, बिट्टन मार्केट। सभी बाजार ग्राहकों से आबाद हैं।
बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं
धनतेरस से पहले ही गुरुवार को बाजारों में पैर रखने की जगह तक नहीं मिली। न्यू मार्केट में रात 11 बजे तक ग्राहकों की भीड़ रही। यही स्थिति लखेरापुरा, सराफा, रोशनपुरा, आजाद मार्केट, जुमेराती, जनकपुरी, मंगलवारा, बुधवारा, कोलार, बिट्टन मार्केट, 10 नंबर मार्केट आदि बाजारों में भी रही। आज दोपहर से बाजारों में भीड़ है।
8 से 10% ज्यादा बिकेंगी कारें
भोपाल ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन (बाडा) के अध्यक्ष आशीष पांडे कहते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस बार दीपावली पर अच्छा कारोबार होगा। कारों की 8 से 10% सेल अधिक होने की उम्मीद है। करीब 1200 कारें बिकेंगी। कारों के कई मॉडल का स्टॉक नहीं है। वरना, बिक्री में और भी बढ़ोतरी होती।
यदि टू-व्हीलर की बात करें, तो इसकी भी अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। पिछले साल की तुलना में बाइक की 15 से 20% बिक्री अधिक होने का अनुमान है। 5 हजार तक बाइक बिकने की उम्मीद है।
शोरूम के मैनेजर सौरभ सोनी ने बताया कि दीपावली के चलते लोगों का अच्छा रिस्पांस है। धनतेरस के लिए ही 350 कारों की एडवांस बुकिंग है। दीपावली को लेकर भी कारों की बुकिंग है।
प्रॉपर्टी के 400 से अधिक सौदे होने का अनुमान
धनतेरस पर प्रॉपर्टी के सौदे भी खूब होंगे। 400 से अधिक सौदे होने की उम्मीद है। इसके चलते परी बाजार और आईएसबीटी स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस में स्लॉट बढ़ाए गए हैं। रजिस्ट्री के चलते ही गुरुवार को लोगों ने सर्विस प्रोवाइडरों के जरिए स्लॉट बुक करवा लिए थे। इतने अधिक सौदे होने से सरकार को भी 5 से 7 करोड़ रुपए की स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस मिल सकती है।
कोरोना काल के बाद पहली बार कारोबार में उठाव
भोपाल व्यापारी महासंघ के महासचिव और बाजार विशेषज्ञ अनुपम अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के बाद से ही फेस्टिवल सीजन कमजोर था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। एक सप्ताह पहले से ही हर क्षेत्र के कारोबार में उठाव है। धनतेरस पर कई कार और बाइक कंपनियों ने तरह-तरह के ऑफर दिए हैं। इससे ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खासा उठाव आया है। इसके चलते ही धनतेरस पर सैकड़ों कार और बाइक बिकेंगी। सराफा, इलेक्ट्रॉनिक, बर्तन बाजार में भी ऐसी ही रौनक है। कपड़ों के साथ घर को सजाने के लिए भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।