गुना । शनिवार को बमोरी क्षेत्र के ग्राम धनोरिया में जमीनी विवाद में एक आदिवासी महिला को जिंदा जलाये जाने के तत्‍काल बाद कलेक्‍टर फ्रेंक नोबल ए. एवं पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्‍तव मौके पर धनोरिया पहुंचे तथा घटना की वस्‍तुस्थिति जानी।

कलेक्‍टर फ्रेंक नोबल ए., पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्‍तव द्वारा धनोरिया पहुंचकर घटनास्‍थल का मुआयना कर पीडित की शिकायत और संवेदनशीलता को देखते हुए तत्‍काल भोपाल रैफर कराया गया। शनिवार शाम को सामने आये इस मामले में महिला के पति की शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए गांव के ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

इसी क्रम में आज सुबह कलेक्‍टर फ्रेंक नोबल ए. एवं पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्‍तव सहित प्रशासनिक अमला ग्राम धनोरिया पहुंचा। कलेक्‍टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पीडि़त महिला के घर पहुंचकर परिजनों से बातचीत करते हुए घटनाक्रम की जानकारी ली, इसके साथ ही उन्‍होंने घटनास्‍थल का भी निरीक्षण किया।

3 के खिलाफ कायमी, 2 गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्‍तव ने बताया कि मामले की जानकारी लगते ही तीन आरोपियों के खिलाफ बमोरी थाने में मामला पंजीबद्ध कर दो आरोपितयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक की तलाश जारी है। उन्‍होंने बताया कि महिला को 2 माह पहले ही बमोरी तहसीलदार द्वारा जमीन पर कब्‍जा दिलाया गया था। पुलिस द्वारा मामले में हर पहलु की जांच की जा रही है।