चेन्नई । इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट के आगामी सत्र के लिए चेन्नईयिन एफसी ने क्रोएशियाई स्ट्राइकर पीटर स्लिसकोविच के साथ करार किया है। चेन्नईयिन स्लिसकोविच को जोड़कर अपनी अग्रिम पंक्ति को और बेहतर बनाना चाहती है। स्लिसकोविच ने बुंदेसलीगा लीग में एफएसवी मेंज क्लब की ओर से शुरुआत की थी और वह साल 2015 तक पांच सत्र में इस क्लब की टीम में शामिल रहे हैं , ऐसे में उन्हें अच्छा खासा अनुभव हो गया है।
चेन्नईयिन एफसी ने इसे पहले घाना के फारवर्ड क्वेन करिकारी के साथ भी अनुबंधित किया था।
स्लिसकोविच मुख्य रूप से सेंटर फारवर्ड के रूप में खेलते हैं। इस खिलाड़ी ने 359 मुकाबलों में 136 गोल किये हैं। वह अपने करियर में अधिकतर समय जर्मनी की ओर से प्रतिस्पर्धी फुटबॉल खेलते रहे हैं। उन्होंने एफएसवी मेंज के अलावा स्लिसकोविच हालेशर एफसी, विक्टोरिया 1889 बर्लिन और एमएसवी डुइबर्ग जैसे जर्मन क्लब से खेला है। इसके अलावा एफसी अराउ जैसे गैर जर्मन क्लब और क्रोएशिया अंडर-21 टीम में भी शामिल रहे हैं। चेन्नईयिन को उम्मीद है कि स्लिसकोविच के आने से टीम को उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा।