सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी आज, 19 सितंबर को आयोजित होगी। भारत की ओर से इस समारोह में ध्वजवाहक के तौर पर शूटर मनु भाकर के साथ शॉटपुटर तजिंदरपाल सिंह तूर को चुना गया था, लेकिन समारोह से कुछ घंटे पहले बदलाव करना पड़ा।
तूर को आधिकारिक समारोह की किट समय पर नहीं मिल सकी। उन्होंने बताया कि उनकी किट नागोया एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 3 बजे पहुंचने की जानकारी मिली थी। वहां से किट लेकर समारोह स्थल तक समय पर पहुंचना मुश्किल था। इसके बाद उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को समारोह में शामिल नहीं होने की जानकारी दी। IOA ने तकनीकी समस्या को बदलाव की वजह बताया है।
अब कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत मनु भाकर के साथ भारत के पुरुष ध्वजवाहक होंगे। सहरावत 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का हिस्सा रहे थे। तूर की एशियन गेम्स में भागीदारी पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। वह दो बार के एशियन गेम्स चैंपियन हैं और इस बार शॉटपुट में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। भारतीय एथलेटिक्स दल फिलहाल त्सुकुबा में प्रशिक्षण ले रहा है और 21 सितंबर को नागोया पहुंचने वाला है।
Hashtags: #Sports #Bhopal #Desksource #ओपन #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #आइच #2026