ITDC India e-Press / Agencies

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और उनके परिवार से मुलाकात की। दीपावली के अवसर पर हुई इस खास मुलाकात के दौरान परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के साथ समय बिताया। इस मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिन्हें क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है।

सूर्यकुमार यादव के साथ उनकी पत्नी देविशा, बेटी, साली दीक्षा, साढ़ू अजय शेट्टी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। मुलाकात के दौरान दीक्षा की बेटी सरयू ने प्रधानमंत्री को कन्नड़ गीत सुनाया। बच्ची की प्रस्तुति सुनकर प्रधानमंत्री ने तालियां बजाकर उसका उत्साह बढ़ाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन एवं दिव्य हो गया है।” उनकी इस टिप्पणी में परिवार के बच्चों राम और सरयू के नाम का उल्लेख था।

इस मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने 2026 टी-20 विश्व कप में भारत की जीत का गोल्ड मेडल भी पहन रखा था। तस्वीरों में प्रधानमंत्री मेडल को हाथ में लेकर देखते हुए नजर आए। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस वर्ष टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था। मुलाकात के बाद सूर्यकुमार ने भी प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए इसे यादगार और आत्मीय पल बताया तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।


Hashtags: #Sports #Bhopal #पीएम #मोदी #मिले #सूर्यकुमार #यादव #परिवार #संग #पीएममोदीसेमिले