सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वजन घटाने के दौरान बेहोश हुए वरुण सान्याल, एशियन गेम्स से बाहर
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एमएमए फाइटर वरुण सान्याल का अभियान मुकाबला खेले बिना ही खत्म हो गया। पुरुषों की पारंपरिक 77 किलोग्राम श्रेणी के क्वार्टर फाइनल से पहले वजन कम करने की कोशिश के दौरान वह सौना में बेहोश हो गए। इसके बाद चिकित्सकीय जांच में उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, वरुण ने निर्धारित वजन वर्ग में आने के लिए भोजन और पानी का सेवन कम किया था। इसके बाद वजन घटाने के लिए सौना सत्र के करीब 30 मिनट बाद उन्हें चक्कर, सिर हल्का महसूस होने और मांसपेशियों में ऐंठन की शिकायत हुई। मेडिकल जांच में हल्का डिहाइड्रेशन पाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें तरल और नमक की पूर्ति करने की सलाह दी।
वरुण को बेहोशी की हालत में एक नेपाली खिलाड़ी ने देखा और मदद की। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। भारतीय एमएमए खेल महासंघ के अध्यक्ष निखिल कुंदर के अनुसार, वरुण की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। वरुण को शुरुआती दौर में बाय मिला था और उन्हें सीधे क्वार्टर फाइनल में उतरना था, जहां उनका मुकाबला बहरीन के मुखम्मद नबीयेव से होना था। हालांकि, मेडिकल अनफिट घोषित होने के कारण वह मुकाबले में नहीं उतर सके। वरुण इससे पहले चीन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स में पहली बार शामिल किए गए एमएमए में भारत की दूसरी खिलाड़ी सुचिका तारियाल ने महिलाओं की 60 किलोग्राम श्रेणी में सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत का पदक पक्का कर लिया है। वरुण की घटना ने कॉम्बैट स्पोर्ट्स में मुकाबले से पहले तेजी से वजन घटाने और शरीर में पानी की कमी से जुड़े जोखिमों को भी सामने रखा है।
Hashtags: #Sports #Bhopal #Desksource #वजन #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #आइच #2026