सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया। सीरीज जीतने के बाद ट्रॉफी समारोह में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर पहुंचने के बाद अय्यर ने अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान को भी अपने साथ बुलाया। दोनों ने मिलकर ट्रॉफी उठाई और इसके बाद जादरान भारतीय टीम के साथ विजेता फोटो में भी शामिल हुए।

श्रेयस अय्यर के इस व्यवहार को खेल भावना और विरोधी टीम के प्रति सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह रही कि भारत ने तीसरा टी20 मुकाबला 127 रन से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। इसके बावजूद अय्यर ने जीत के जश्न में अफगानिस्तान के कप्तान को भी शामिल किया।

यह दृश्य सामने आने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों को अजिंक्य रहाणे का 2018 का वह पल भी याद आया, जब अफगानिस्तान के ऐतिहासिक टेस्ट डेब्यू के बाद उन्होंने अफगान कप्तान और खिलाड़ियों को भारतीय टीम के साथ जीत की तस्वीर में शामिल किया था।

अय्यर के इस कदम की क्रिकेट जगत में सराहना हुई। भारतीय टीम ने जहां सीरीज और ट्रॉफी अपने नाम की, वहीं ट्रॉफी समारोह में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच सम्मान और दोस्ती का संदेश भी देखने को मिला। ‘फ्रेंडशिप कप’ के नाम से खेली गई इस सीरीज के समापन पर यह पल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।


Hashtags: #Sports #Bhopal #Desksource #समय #यरल #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #अफग