आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में आने वाले मरीज अब आयुर्वेदिक, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धति के इलाज का भी फायदा उठा सकेंगे। इसके लिए बीएमएचआरसी परिसर में ही स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक 7 में मध्यप्रदेश सरकार के आयुष विभाग के साथ मिलकर आयुष चिकित्सा एकीकृत स्वास्थ्य केंद्र खोला गया है। बुधवा को बीएमचएचआरसी प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने इस परामर्श केंद्र को जनता को समर्पित किया। शासकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनीता तोमर व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यह केंद्र सोमवार से शनिवार तक सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक खुला रहेगा। यहां सोमवार व मंगलवार को आयुष विभाग में पदस्थ होम्योपैथिक डॉक्टर, बुधवार व गुरुवार को आयुर्वेदिक डॉक्टर और शुक्रवार व शनिवार को यूनानी चिकित्सा पद्धति के डॉक्टर मरीजों को परामर्श देने के लिए उपलब्ध रहेंगे। सभी मरीजों के लिए यह डॉक्टरी परामर्श निशुल्क रहेगा और उनसे एकीकृत स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं के लिए भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सरकार ने खोलने में मदद की
प्रभारी निदेशक डॉ. श्रीवास्तव ने कहा, हम राज्य सरकार के आभारी हैं कि उन्होंने इस एकीकत हेल्थ सेंटर खोलने में हमारी मदद की और अपने विशेषज्ञ चिकित्सकों को इस परामर्श सेंटर में भेजने का फैसला किया। इससे होम्योपैथी, आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों का इलाज कराने वाले गैस पीड़ित मरीजों व अन्य मरीजों को फायदा होगा। बीएमएचआरसी और स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टर भी आवश्यकता महसूस होने पर मरीजों को इस एकीकृत स्वास्थ्य केंद्र में रैफर कर सकेंगे। आने वाले समय में हम यहां पंचकर्म, शिरोधारा समेत अन्य सुविधाएं भी शुरू करेंगे। शासकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तोमर ने भी संबोधित किया।