सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) के चांदबड़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक 3 में वैरिकोज़ वेन्स बीमारी के बारे में परामर्श देने के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि इस शिविर में बीएमएचआरसी के रेडियोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर और इन्टरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट राधेश्याम मीणा मरीजों को परामर्श देंगे।
गैस पीड़ितों के अतिरिक्त वैरिकोज़ वेन्स से पीड़ित अन्य कोई भी मरीज इस शिविर में आ सकता है। डॉक्टर यहां मरीज की जांच करने के बाद बीमारी के संबंध में परामर्श देंगे। उन्होंने बताया कि बीएमएचआरसी में अत्याधुनिक तरीके से वैरिकोज़ वेन्स का इलाज की सुविधा उपलब्ध है। यहां इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट द्वारा अत्याधुनिक लेज़र तकनीक से बिना चीरा लगाए मरीजों का उपचार किया जाता है।
यह पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है। मरीज को कोई तकलीफ भी नहीं होती। राधेश्याम मीणा ने बताया कि पैरों की नसों का गुच्छा बन जाना, नसों का रंग गहरा बैंगनी या नीला हो जाना, पैरों में सूजन आना और चलने—फिरने में तकलीफ होना, प्रभावित स्थान पर त्वचा में सूखापन आ जाना व खुजली होना, पैरों में दर्द या भारीपन महसूस हो जाना, टखने के पास त्वचा का अल्सर या चमड़ी का रंग काला होना; ये सब वैरिकोज़ वेन्स के लक्षण हैं।
उक्त लक्षण वाले मरीज चिकित्सा शिविर में आकर परामर्श ले सकते हैं। इस बारे में कोई अन्य जानकारी के लिए इन नंबरों 9425371977, 9982334488 पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर के आयोजन स्थल का पूरा पता है : बीएमएचआरसी स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक 3, कपड़ा मिल के पास, चांदबड़, भोपाल।