आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल के बागसेवनिया क्षेत्र से घर से भागी चार नाबालिग बच्चियां इटारसी में मिलीं। इटारसी रेलवे जंक्शन पर चारों बच्चियों ने मुसाफिरखाने में रात गुजारी। चार बच्चियों में दो सगी बहनें व दो उनकी सहेलियां हैं। चारों घूमने के लिए घर से बिना बताए चुपचाप भाग निकलीं। रात में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठकर इटारसी पहुंच गईं।

प्लेटफार्म पर अनाउंसमेंट में इटारसी का नाम सुनाई देने पर चारों ट्रेन से उतर गईं। रात चारों ने रेलवे स्टेशन और मुसाफिर खाने में गुजारी।

चारों बच्चियों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन भोपाल के बागसेवनिया पहुंचे। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी व धारा 363 का अपराध दर्ज किया। बच्चियों की तलाश शुरू की। लापता बच्चों की सूचना देने वाले नेशनल पोर्टल और वॉट्सऐप ग्रुपों पर तस्वीरें भेजी। बच्चियों को खोजने के लिए सीसीटीवी भी खंगाले गए।

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में बच्चियां नजर आईं। जीआरपी कंट्रोल रूम भोपाल से बागसेवनिया भोपाल से लापता चारों बालिकाओं की सूचना भोपाल, इटारसी, बीना, नर्मदापुरम समेत आसपास के रेलवे स्टेशनों को भेजी गई।

8 दिसंबर को जीआरपी की एएसआई अनीता दास व उनके स्टाफ को रेलवे स्टेशन इटारसी में चेकिंग के दौरान मुसाफिर खाने में 4 बालिकाएं बैठे मिलीं। तस्वीर से उनकी पहचान की। चारों को थाने लाया गया। महिला हेल्प डेस्क कार्यालय में चारों बालिकाओं को भोजन करवाया गया। बाद में चारों की फोटो थाना बागसेवानिया में मिलान के लिए भेजी गई।

थाना बागसेवनिया (भोपाल) पुलिस इटारसी थाना जीआरपी आई। चारों बच्चियों को भोपाल ले जाया गया। बागसेवनियां थाने के एएसआई आरएस भदौरिया ने बताया चार बच्चियों में दो सगी बहनें व दो उनकी सहेलियां है। इनकी उम्र 13, 14, 15 साल है। 7 दिसंबर, गुरुवार शाम 5 बजे घूमने जाने का कहकर घर से निकली थीं।