आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में 5 नवंबर की रात हुए गैंगवार के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब गैंगवार में घायल हुए बदमाश के साथियों ने एक युवक के घर जाकर धमकी दी। युवक की ओर से थाने में शिकायत करते हुए कहा गया कि बदमाशों ने उसके घर पहुंचकर फायरिंग की। बोले, ‘तेरे भाई समीर की हत्या होगी। वह शाहिद की इस हालत के लिए जिम्मेदार है। हम 2 दिन बाद बदला लेंगे।’

दूसरी ओर, विवाद के बाद फरार चल रहे तीनों बदमाश विक्की वाहिद, शाहरुख और पप्पू चटका का अब तक कोई पता नहीं चला है। इधर, घायल हुए शाहिद की हालत में सुधार है। उसे जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया है।

सलमान और राजा ने आकर दी धमकी

सोहेल (24) पुत्र सईद अहमद ने शिकायत में कहा, ‘मैं जेपी नगर लेक मशीन का काम करता हूं। भाई समीर अहमद प्राइवेट काम करता है। वह करोंद निवासी सलमान जीआई और अशोका गार्डन निवासी राजा से परिचित है। तीनों का साथ उठना-बैठना है।

गुरुवार सुबह मेरे घर सलमान नाम का बदमाश पहुंचा। उसके साथ राजा और कई युवक थे। इस दौरान उसने कहा कि तेरे भाई समीर ने शाहिद पर हमला कराया है। उसने भी विक्की वाहिद, शाहरुख और पप्पू के साथ मिलकर शाहिद को पीटा है। तेरे भाई समीर की मेरे हाथ से हत्या होगी। वह शाहिद की इस हालत के लिए जिम्मेदार है। हम 2 दिन बाद बदला लेंगे।’

घर के बाहर किए दो राउंड फायर

सोहेल ने बताया कि इस दौरान सलमान, राजा और उसके साथियों ने उसके घर के बाहर दो राउंड फायर भी किए हैं। खाली खोखे हमने पुलिस के सुपुर्द किए हैं। बदमाशों ने उसके घर के बाहर जमकर हंगामा मचाया था।

नहीं हुई गोली चलने की पुष्टि: ACP

एसीपी हनुमानगंज राकेश सिंह बघेल ने बताया कि सोहेल की शिकायत पर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करने, फोन पर धमकाने, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सोहेल के घर के बाहर से दो चले हुए राउंड मिले हैं। दोनों पुराने नजर आ रहे हैं। एफएसएल टीम इसकी जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे थे, पड़ोसियों ने विवाद की तस्दीक की है। गोली चलने की पुष्टि किसी ने नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर एक्टिव फरार बदमाश

शाहिद की हत्या के प्रयास के मामले में फरार बदमाश विक्की उर्फ वाहिद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक्टिव है। वह अपनी इंस्टा आईडी पर लगातार एक्टिव है। अलग-अलग लोकेशन से लगातार फोटो-वीडियो शेयर कर रहा है।