आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के कुल 9018 कर्मचारियों की साेमवार से चुनावी ट्रेनिंग शुरू हो गई है। सुबह 8 बजे से दो सेंटरों पर उन्हें ईवीएम, मॉक पोल, वोटिंग, मतदान सामग्री लेने से लेकर जमा कराने तक की ABCD सिखाई जा रही है। ट्रेनिंग के दौरान ही वे डाक मत पत्र भी डालेंगे। ट्रेनिंग के बाद कर्मचारी एग्जाम भी देंगे। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि कर्मचारियों ने ट्रेनिंग को कितनी गंभीरता से लिया है।
ट्रेनिंग का पहला सत्र सुबह 8 बजे से शुरू हो गया, जो दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद दूसरा सत्र शुरू होकर शाम 7 बजे तक चलेगा। मोतीलाल विज्ञान कॉलेज और महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज में प्रत्येक सत्र में 900-900 कर्मचारियों को चुनाव से जुड़ी हर जानकारी दी जा रही है। 105 मास्टर ट्रेनर्स कर्मचारियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं।
रिजर्व के तौर पर 10% कर्मचारी
जिले में कुल 2049 मतदान केंद्र हैं। प्रत्येक केंद्र पर चार अधिकारी-कर्मचारी (पीओ, पी-1, पी-2 और पी-3) की ड्यूटी लगेगी। इस हिसाब से कुल 8196 अधिकारी-कर्मचारी हैं। इनके अलावा 10% कर्मचारी रिजर्व के तौर पर रहेंगे। ताकि, जरूरत पड़ने पर उनकी ड्यूटी लगाई जा सके।
पी-2 और पी-3 के लिए यह फाइनल ट्रेनिंग
पी-2 और पी-3 यानी मतदान कराने वाले कर्मचारियों के लिए यह फाइनल ट्रेनिंग है। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण नहीं मिलेगा। इसलिए उन्हें चुनाव आयोग की पुस्तिका भी दी जाएगी। पीओ यानी पीठासीन अधिकारी और पी-1 यानी मतदान अधिकारी को एक बार फिर 13 और 14 नवंबर को फाइनल ट्रेनिंग दी जाएगी।
ट्रेनिंग में ही पता चलेगा कि कहां लगेगी ड्यूटी
ट्रेनिंग के दौरान ही कर्मचारियों को यह पता चल जाएगा कि उनकी किस विधानसभा में ड्यूटी लगेगी। हालांकि, मतदान केंद्र के बारे में उन्हें बाद में ही पता चल सकेगा।
वोटिंग से जुड़े 25 प्रश्न पूछे जाएंगे
वोटिंग से पहले यदि EVM या VVPAT खराब हो जाए तो आप क्या करेंगे?… मतदान से जुड़े इस तरह के 25 प्रश्न कर्मचारियों से ट्रेनिंग के तुरंत बाद ही पूछे जाएंगे। इसके बाद मास्टर ट्रेनर्स आंसरशीट की जांच करेंगे। जो फैल होगा, उन्हें दूसरे दिन सुबह से फिर ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला पंचायत सीईओ ऋतुराज सिंह ने सभी प्रश्न तैयार कराए हैं। इसके बाद एडिशनल सीईओ डॉ. विनोद यादव, सहायक नोडल अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, मास्टर ट्रेनर्स आरके शर्मा ने प्रश्नपत्र तैयार किया।
प्रश्नपत्र में ही चार ऑप्शन, एक सही रहेगा
सीईओ ऋतुराज ने बताया, प्रश्न पत्र में ही चार उत्तर रहेंगे। इनमें से एक सही होगा। जिस पर ‘राइट’ लगाना होगा। इसके बाद मास्टर ट्रेनर्स आंसरशीट को देखेंगे। यदि प्रश्न गलत निकले तो संबंधित कर्मचारी को दूसरे दिन फिर से ट्रेनिंग में बैठना होगा।