आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तरी हिस्से में प्रति चक्रवात के एक्टिव होने और उत्तर से ठंडी हवा नहीं आने से मध्यप्रदेश में फिलहाल तेज ठंड नहीं पड़ रही है, बल्कि दिन का टेम्प्रेचर बढ़ गया है। राजधानी भोपाल में नवंबर का पहला सप्ताह गर्म है। यहां 11 साल में दूसरी बार टेम्प्रेचर सबसे ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। सोमवार को भी तेज धूप खिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 11 साल (2013 से 2023) में पांच बार दिन का तापमान 33 डिग्री के पार रहा है। पिछले साल 6-7 नवंबर को तापमान रिकॉर्ड 34.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके बाद इस रविवार को पारा 33.9 डिग्री पर पहुंचा है।
दिन में तेज धूप रहेगी, रात में ठंड नहीं
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि सामान्यत: नवंबर में दिन का तापमान औसत 29 डिग्री और रात में 11 से 12 डिग्री के बीच रहता है। चूंकि, इस बार वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर है। इस कारण रात के पारे में गिरावट नहीं हो रही है। अभी पचमढ़ी ही ऐसा है, जहां पर पारा 12 डिग्री के आसपास चल रहा है। बाकी शहरों में 13 से 19 डिग्री के बीच रात का तापमान है।
कल से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस
7 नवंबर से एक और पश्चिम विक्षोप एक्टिव हो रहा है। इस वजह से अगले तीन से चार दिन तक रात का तापमान गिरावट नहीं होगी। भोपाल में रात का टेम्प्रेचर 16 से 17 डिग्री के बीच ही रहने का अनुमान है।
दिन में ऐसी रही गर्मी
नवंबर के पहले सप्ताह में भोपाल में दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है। रात में यह 16 डिग्री के पार चल रहा है। रविवार को नवंबर में पहली बार पारा 33.9 डिग्री तक पहुंच गया।
इंदौर में रविवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री, ग्वालियर में 31.5 डिग्री, उज्जैन में 33.4 डिग्री, जबलपुर में 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात में 16-17 डिग्री के बीच ही है।
भोपाल-उज्जैन के अलावा नर्मदापुरम, खरगोन, रतलाम, सतना, टीकमगढ़ में भी दिन का पारा 33 डिग्री के पार रहा।
सबसे ज्यादा टेम्प्रेचर मंडला में 34.4 डिग्री रहा। इसके बाद गुना में 34.2 डिग्री, दमोह में 34 डिग्री तापमान रहा।