आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में गुरुवार सुबह हल्की धुंध रही। 7 बजे के बाद धूप खिली, लेकिन चमक फीकी रही। सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ाए हुए हैं। बुधवार रात पारा 11.2 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि मंगलवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पहुंच गया था।

पिछले 10 दिन की बात करें तो 7 दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री के नीचे ही रहा है, जबकि रात का पारा 11 डिग्री के आसपास चल रहा है।

दिसंबर का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस है। वर्तमान में दिन-रात दोनों में ही तापमान सामान्य से कम हैं।

आज और कल ऐसा रहेगा मौसम

आज 14 और कल 15 दिसंबर को बादल छाने का अनुमान है। ऐसा उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने से होगा। ऐसे में दिन का तापमान 25 डिग्री के नीचे आ सकता है। वहीं, रात में पारा 11-12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

कई इलाकों में ठंडक ज्यादा

राजधानी के कई इलाके ऐसे भी हैं, जहां रात में ठंडक ज्यादा रहती है। इसकी वजह हरियाली होना है। इन इलाकों में कोलार रोड, ठंडी सड़क, शौर्य स्मारक के आसपास, वीआईपी रोड, जेल पहाड़ी, चार इमली, श्यामला हिल्स, बैरागढ़ आदि शामिल हैं।