प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – कमलनाथ ने स्वीकार किया कि यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे
आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल । राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को कमलनाथ जी ने स्वयं ही एक्सपोज कर दिया है। उन्होंने यह सच्चाई भी स्वीकार कर ली कि ‘‘यात्रा में पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे लगे, लाइव चल रहा था और उसमे से कांग्रेस का ट्वीट हुआ, जो बाद में डिलीट किया गया।’’ कमलनाथ जी आपको इस बात का जवाब देना पड़ेगा कि पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे और आपने दुर्भावनापूर्वक हमारे कार्यकर्ता पर एफआईआर दर्ज करवाई। मैं राहुल गांधी व कमलनाथ से माँग करता हूं कि वह मध्यप्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता से तत्काल माफी मांगे क्योंकि इस यात्रा ने मध्यप्रदेश के शांत वातावरण को घृणा, नफरत व हिंसा से खराब करने का काम किया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को इंदौर में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा में देश विरोधी नारे लगाये जाने की सच्चाई सामने आ चुकी है, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ यात्रा में मुख्य किरदार निभाने वाले कमलनाथ और दिग्विजय सिंह और यात्रा में शामिल होने वाले कांग्रेस नेताओं पर भी एफआईआर होनी चाहिए।
राहुल गांधी के साथ यात्रा में नफरत व हिंसा फैलाने वाले लोग चले
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर जो बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे, इस यात्रा को घृणा, नफरत व हिंसा के खिलाफ बताया जा रहा था, लेकिन कांग्रेस के यह सब दावे झूठ साबित हुए हैं। उल्टा नफरत व हिंसा फैलाने वाले लोग राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में पैदल चलते नज़र आए। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे तो वहीं पाकिस्तान का खुलेआम समर्थन करने वाली, देश की सेना के विरोध में और खुद को हिंदू होने पर शर्मिंदगी का बयान देने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी साथ-साथ चली। इस यात्रा में गौशाला व सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में जेल जाने वाले कंप्यूटर बाबा तो टुकड़े टुकड़े गैंग के समर्थक कन्हैया कुमार जैसे लोग भी कदमताल करते हुए दिखाई दिये। श्री शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से मध्यप्रदेश की पवित्र धरती देशभर में कलंकित व बदनाम हुई है।
राहुल गांधी चुनावी हिन्दू, उन्हें धर्म को समझने के लिए कई जन्म लेने पड़ेंगे
कमलनाथ के आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद के नेताओं से राहुल गांधी के शास्त्रार्थ करने के बयान पर श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद के लोग राहुल गांधी की तरह चुनावी हिंदू नहीं हैं। हिंदू धर्म को समझने के लिए राहुल गांधी को कई जन्म लेना पड़ेंगे। उन्होंने कमलनाथ से पूछा कि 12 दिन मध्यप्रदेश में यह यात्रा रही। कमलनाथ जी बताएं आप इस यात्रा में कितने किलोमीटर पैदल चले। श्री शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी की इस यात्रा से मध्यप्रदेश का न कोई भला हुआ है, न जोडने का काम हुआ है, बल्कि उल्टा आगामी समय में यह यात्रा भारत जोड़ो के बजाय कांग्रेस छोडो यात्रा साबित होगी। इंदौर लॉ कॉलेज में हुई घटना पर श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लवजिहाद के नाम पर हिन्दू धर्म को बदनाम करने और देश का वातावरण बिगाड़ने वाले लोग किसी भी कॉलेज में नहीं चल सकते, इनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी। जिनका स्थान कॉलेज नहीं, जेल होगी।
पेसा एक्ट ने जनजातीय समाज को सशक्त बनाया
गौरव यात्रा के समापन में शामिल हुए प्रदेष अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री
इंदौर। क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा के रास्ते पर चलकर हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण का जो संकल्प लिया है, उस संकल्प को पूरा करना है। मध्यप्रदेश की जनजातीय बाहुल्य 89 विकासखण्डों में पेसा एक्ट के माध्यम से ग्रामसभा को अधिकार देकर जनजातीय समाज को सशक्त बनाया है। पेसा कानून कर्मकांड नहीं जनजातीय भाईयो-बहनों की जिंदगी बदलने का महाअभियान है। यह बात प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में जननायक टंट्या मामा गौरव यात्रा के समापन अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कुंवर विजय शाह, श्री तुलसी सिलावट व सुश्री उषा ठाकुर, सांसद श्री शंकर ललवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव समेत जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे। सभा से पहले इंदौर के भंवरकुंआ चौराहे पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने क्रांतिसूर्य टंट्या मामा भील की प्रतिमा का अनावरण किया।
भाजपा समाज को जोड़ती है और कांग्रेस तोड़ती है – विष्णुदत्त शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा समाज को जोड़ती है और कांग्रेस समाज को तोडती है। क्योंकि जिस समय कांग्रेस के लोग भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से मध्यप्रदेश में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे, उसी समय भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में टंट्या मामा गौरव यात्रा के माध्यम से जनजातीय भाई-बहनों को उनके अधिकारों के लिए पेसा एक्ट को लेकर जागरुक कर रही थी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का विकास और उत्थान भाजपा सरकार में ही संभव है। 89 जनजातीय बाहुल्य विकासखण्डों में निकली गौरव यात्रा से हमारे जनजातीय बंधुओं में पेसा एक्ट को लेकर जागरुकता आई है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा केवल कोरे नारे नहीं देती बल्कि जनता से किये वादों को पूरा करती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनजातीय वर्ग को सशक्त व समृद्ध बनाने के लिए कई कदम उठाये हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मध्यप्रदेश की धरती से जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ किया। वहीं, मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ’पेसा एक्ट’ लागू कर जनजातीय बंधुओं को अधिकार संपन्न बनाने का ऐतिहासिक काम किया है।
पुरानी सरकारों में सिर्फ एक खानदान की प्रतिमाए लगती रहीं : शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी आजादी को 75 साल हो चुके हैं, लेकिन पुरानी सरकारों ने कभी टंट्या मामा, भीमा नायक, रघुनाथ शाह-शंकर शाह, रानी कमलापति और हमारे बिरसा भगवान जैसे नायकों की प्रतिमाएं कभी बड़े शहरों में नहीं लगवाईं। सिर्फ एक खानदान की प्रतिमाएं ही लगती रहीं। लेकिन आज मुझे गर्व है कि इंदौर की धरती पर टंट्या मामा की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण हुआ है और चौराहा भी टंट्या मामा चौराहा होगा। हम टंट्या मामा के बलिदान को कभी भुला नहीं सकते।
कांग्रेसियों से कुछ नहीं बनता तो दूसरों को भड़का रहे हैं
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेसा कानून में कई अधिकार दिये गये हैं, पेसा किसी के खिलाफ नहीं है। लेकिन कांग्रेसियों से कुछ नहीं बनता, तो वह दूसरों को भडका रहे हैं कि यह एक्ट तुम्हारे खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा 89 ब्लॉकों में लागू होगा, यह सिर्फ गांव में लागू होगा, शहरों में नहीं। गांव में भी यदि दूसरी जातियों के भाई-बहन रहते हैं तो पेसा की ग्राम सभा में वह भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पेसा आपको सबसे पहले जल, जंगल और जमीन का अधिकार देता है। अब गांव की योजना ग्रामसभा में बनेगी, सरकार भोपाल से नहीं, चौपाल से चलेगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से कई चीजें ऐसी चल रहीं थी, जिन्होंने हमारा शोषण किया है। कांग्रेस ने अंग्रेजों के जमाने की अंग्रेजी में पढाई जारी रखी, लेकिन मध्यप्रदेश में यह तय हो गया है कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढाई भी अब हिंदी में होगी। ताकि गरीबों बच्चे भी पढ सकें और डॉक्टर व इंजीनियर बन सकें।
पेसा लागू होना जनजातीय समाज के लिए ऐतिहासिक निर्णय : फग्गनसिंह कुलस्ते
केंद्रीय मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा जी की जयंती पर शहडोल की धरती पर जनजातीय समाज की गौरव एवं महिला राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू जी ने मध्यप्रदेश में आकर पैसा एक्ट लागू किया। पेसा लागू होना संपूर्ण जनजातीय समाज के लिए ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति में अनेक जनजातीय महापुरूषों ने अंग्रेजों के विरूद्ध आंदोलन किया, लेकिन आजादी के बाद रही कांग्रेस की सरकारों ने जनजातीय महानायकों के योगदान को कभी याद नहीं किया गया। आजादी के अमृत महोत्सव के माध्यम से जनजातीय महानायकों के इतिहास, बलिदान और योगदान को भारत के लोग याद करें, यह अवसर हमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने दिया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जनजातीय वर्ग के हितों को देखते हुए पहली बार जनजातीय समाज का अलग मंत्रालय और आयोग बनाकर जनजातीय समाज को अधिकार देने की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि पूरे भारत में वन अधिकार कानून के अंतर्गत सबसे अधिक पट्टे मध्यप्रदेश के आदिवासियों को दिये गये हैं। अनेक क्रांतिकारी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आदिवासी भाईयों-बहनों के लिए लिये हैं।
प्रदेश अध्यक्ष 5 दिसम्बर से दो दिवसीय दिल्ली प्रवास पर
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा 5 दिसम्बर से दो दिवसीय दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान श्री शर्मा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने रतलाम के सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत पर जताया शोक
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने रतलाम के पास सातरूंडा चौराहे पर हुए सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें। श्री शर्मा ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उक्त जानकारी संस्थान के जनसंपर्क विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति द्वारा दी गई।