आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल की ​​​​​​रेसिडेंशियल टाइग्रेस-123 के चारों शावक बड़े हो गए हैं, और शिकार के दांव-पेंच सीख रहे हैं। इनकी उम्र करीब 12 माह है और चंदनपुरा, मेंडोरा-मेंडोरी में उनका मूवमेंट है। बावजूद इन इलाकों में आम लोगों की आवाजाही बनी हुई है। इसे लेकर बाघ मित्रों ने आपत्ति जताई है।

इधर, फील्ड में मूवमेंट करने वाले वन विभाग के अमले की ड्यूटी विधानसभा चुनाव में लगा दी गई। इससे वे बाघिन और शावकों पर सही ढंग से नजर नहीं रख पा रहे हैं। जिससे उनका रहवासी इलाकों में मूवमेंट का खतरा बढ़ गया है।

करीब 6 महीने पहले इन शावकों का कलियासोत डेम के पास सड़क पार करते हुए वीडियो सामने आया था। तब ये तीन से चार महीने के थे। अब जंगल से इनकी तस्वीर सामने आई है। जिसमें वे पानी की होद में मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, शावक नर है या मादा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन शावकों में दो मादा और दो नर हो सकते हैं, लेकिन जब तक क्लोज फोटो नहीं आते, तब तक उनके जेंडर को क्लासिफाइड नहीं किया जा सकता। वाल्मी वाले इलाके में भी बाघ मूवमेंट है।

बाघ मित्र बोले- रात में घूमने पर लगे पाबंदी

बाघ मित्र राशिद नूर ने बताया कि शावकों का करीब 10 दिन पुराना फोटो सामने आया है। जिसमें वे पानी की होद में मस्ती कर रहे हैं। इनका चंदनपुरा में ज्यादा मूवमेंट है। अच्छी बात यह है कि वे इंसान के करीब नहीं आ रहे हैं। हालांकि, इंसान खुद उनके इलाकों में जा रहे हैं।

नगर निगम ने बाघ मूवमेंट एरिया में हाई मास्ट लगा दिया है। इससे लोग बिना किसी रोक-टोक और डर के टहल रहे हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है। इस पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए। वन विभाग से शिकायत की गई है।

अमला चुनाव ड्यूटी में लगाना, सही मॉनिटरिंग नहीं

इधर, वन विभाग का पूरा फील्ड अमला विधानसभा चुनाव की ड्यूटी में व्यस्त है। इस वजह से वह सही ढंग से मॉनिटरिंग नहीं कर पा रहा है। एसडीओ आरएस भदौरिया ने बताया कि चुनावी ड्यूटी के बावजूद रात में पेट्रोलिंग कर रहे हैं। ताकि, लोग बाघ मूवमेंट एरिया की ओर नहीं जा सके।\

भोपाल जंगल 437 वर्ग किमी में

150 वर्ग किमी जंगल ही घना और बाघों की बसाहट के लिए अनुकूल है। बाकी का जंगल पथरीला, विरल और टुकड़ों में बसा हुआ है। वर्ष 2018 की गणना में यहां 18 बाघों की उपस्थिति दर्ज हुई थी। इस बार भी बाघों का अच्छा मूवमेंट सामने आया है।