सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की स्थापना डाक विभाग के तहत भारत में आम आदमी के लिए सबसे सुलभ, किफायती और विश्वसनीय बैंक बनाने कि दृष्टी से की गई हैI आईपीपीबी का मूल उद्देश्य बैंकिंग सुविधाओं से वंचित तथा अल्प बैंकिंग व्यक्तियों के लिए आने वाली बाधाओं को दूर करना और 1.59 लाख डाकघरों और 4 लाख से अधिक डाक कर्मचारियों वाले नेटवर्क का लाभ उठाते हुए अंतिम छोर तक पहुंचना हैI

आईपीपीबी का लक्ष्य बाज़ार के विभिन्न क्षेत्रों, समाज में सबसे अधिक वित्तीय रूप से कमजोर और असुरक्षित वर्गों के लिए बैंक ने नवाचार व सरल और सहज उपयोगकर्ता इंटरफ़ेस के माध्यम से अंतिम छोर तक बैंकिंग सहायता को सक्षम किया हैI चाहे वह बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से खाता खोलने और लेनदेन हो अथवा पिन / पासवर्ड याद रखने की आवश्यकता का निवारण करना हो अथवा स्मार्टफ़ोन और बायोमेट्रिक डिवाइस से जुड़े डाकियों और ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) के माध्यम से ग्राहकों को द्वार पर बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करना हो, आईपीपीबी ने भारत में बैंकिंग और वित्तीय समावेशन परिदृश्य को कोर बैंकिंग प्लेटफार्म से रीयल-टाइम ऑनलाइन में बदल दिया हैI

आईपीपीबी देश के हर जिले, कस्बे और गाँव में लगभग 1.59 लाख डाकघरों और 4 लाख से अधिक डाक कर्मचारियों के विशाल नेटवर्क द्वारा लाभान्वित कर रहा है, जिस से ग्रामीण बैंकिंग बुनियादी ढ़ांचे के आकर में लगभग 2.5 गुना वृद्धि हुई हैI

माननीय प्रधानमंत्री के वित्तीय समावेशन के स्वप्न को साकार करने एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं को बचत बैंक खाते के माध्यम से जन-जन तक पहुचाने हेतु भारतीय डाक विभाग के अंतर्गत इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक निरंतर प्रयासरत हैI इसके अंतर्गत देशभर में वर्ष 2023 के दौरान चलाये गए महालॉगिन डे अभियान के अंतर्गत मध्यम श्रेणी में मध्यप्रदेश डाक परिमंडल को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ हैI इस हेतु सर्वाधिक प्रीमियम खाते खुलवाने के लिए मध्यप्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ब्रजेश कुमार को सम्मानित किया गयाI इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक लगातार अपनी विभिन्न योजनाओं जैसे प्रीमियम खाते, ग्रुप एक्सीडेंटल बीमा, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, आदि के साथ आम जनता तक सुविधाएं पहुचाने हेतु प्रयासरत हैI