सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: एम्स भोपाल के नर्सिंग कॉलेज, सावित्रीबाई फुले भवन में “स्वास्थ्य देखभाल में लैंगिक असमानताओं को पाटना: चुनौतियाँ” विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर अजय सिंह, कार्यपालक निदेशक एम्स भोपाल, और अतिथि वक्ता के रूप में प्रोफेसर मनोहर अगनानी, प्रोफेसर पब्लिक हेल्थ, अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी, भोपाल, पूर्व अतिरिक्त सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, आईएएस (सेवानिवृत्त) की विशिष्ट उपस्थिति रही।
नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल (प्रभारी) ममता वर्मा ने उपस्थिति का स्वागत किया और एसोसिएट डीन (नर्सिंग और संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान) सैकत दास ने सम्मानित अतिथि वक्ता, मनोहर अगनानी का परिचय उपस्थित दर्शकों से कराया। डॉ. लिली पोद्दार, एसोसिएट प्रोफेसर ने महान समाज सुधारक, शिक्षाविद् और कवयित्री के रूप में सावित्रीबाई फुले के महान योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने नर्सिंग कॉलेज, एम्स भोपाल द्वारा चलायी गयी सहानुभूतिपूर्वक देखभाल पहल (करुण्या) की उपलब्धियों की भी चर्चा की ।
उपस्थिति को संबोधित करते हुए, मुख्य अतिथि अजय सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि लैंगिक असमानताएं केवल स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि कहीं भी प्रकट हो सकती हैं। उन्होंने बचपन से ही समानता के संस्कार देने , समाज को संवेदनशील बनाने, मानसिकता बदलने और यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया कि लैंगिक समानता के लिए बनाए गए नियमों का दुरुपयोग न हो। मनोहर अगनानी ने अपने भाषण में स्वास्थ्य देखभाल में लैंगिक असमानताओं को पाटने की जटिलताओं पर प्रकाश डालते हुए चुनौतियों और संभावित समाधानों का व्यापक विश्लेषण प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, नर्सिंग छात्रों और विभाग के अन्य सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही । कार्यक्रम का समापन डॉ. मैक्सी मार्टिस, एसोसिएट प्रोफेसर नर्सिंग कॉलेज द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।