सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: सम्पूर्ण देश के साथ साथ मध्य प्रदेश में भी विकसित भारत अभियान @2047 आज राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित किया गया । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विकसित भारत@2047: युवाओं की आवाज‘ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में आयोजित कार्यशालाओं में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, संस्थानों के प्रमुखों और संकाय सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा ही भविष्य में नए परिवार और नए समाज का निर्माण करेंगे और उन्हें यह तय करने का अधिकार है कि विकसित भारत कैसा हो। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी भावना के साथ सरकार देश के हर युवा को विकसित भारत की कार्ययोजना से जोड़ना चाहती है।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल मंगूभाई पटेल के साथ एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह संस्थान के अधिष्ठाताओं एवं विद्यार्थियों के साथ उपस्थित थे। इस दौरान आयोजित पैनल चर्चा में अपने विचार व्यक्त करते हुए अजय सिंह ने कहा कि आज की सबसे बड़ी चुनौती देश के हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और इसके लिए हमें तकनीक की मदद लेनी होगी। प्रौद्योगिकी का उपयोग करके हम हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य देखभाल प्रदान कर सकते हैं और स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

एम्स भोपाल के एमबीबीएस 2021 बैच के छात्र ईशान पवार ने भी चर्चा में भाग लिया और कहा कि न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है, तभी हम जीवन में उचित समन्वय के साथ अपना भविष्य बेहतर बना पाएंगे।
यह विकसित भारत@2047 के लिए युवाओं को अपने विचारों और सुझावों को साझा करने की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण कदम है।