भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की फटकार के बाद जिस तेजी से लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) और नगर निगम ने जिन सड़कों का पैचवर्क कराया, उससे लग रहा था कि शहर को गड्ढों से मुक्ति मिल जाएगी लेकिन अब नई समस्या सामने खड़ी हो गई है। तीन-चार दिन बाद ही उन सड़कों में फिर गड्ढे उभर आए हैं। इन गड्ढों में भरी गई गिट्टी सड़क पर फैलने लगी है और लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई बार वाहनों के पहियों से गिट्टी उचटकर आसपास के लोगों को चोटिल कर रही है। सड़कों पर धूल के गुबार भी उड़ रहे हैं। होशंगाबाद रोड, कोलार और पुराने शहर में सड़कों के हाल ज्यादा बुरे हैं। बागसेवनिया थाने के सामने दो दिन पहले ही गड्ढों में गिट्टी भरी गई थी, जो फिर निकल आई है। वीर सावरकर सेतु से बावड़ियाकलां ब्रिज तक धूल के कारण राहगीर परेशान हैं। बीआरटीएस कॉरीडोर का साइकिल ट्रैक धूल से पट गया है। हमीदिया रोड स्थित अल्पना तिराहा वाली रोड हो या फिर करोंद, पिपलानी और अवधपुरी सभी जगह यही स्थिति है। यहां पर यह बता दें कि सीपीए की करीब 55 सड़कें शहर में है। इसमें से 23 से अधिक सड़के परफार्मेंस गारंटी पीरियड वाली हैं। इन सड़कों में से अधिकांश की स्थिति खराब है। बताया जा रहा है कि जो गारंटी पीरियड की सड़कें होती है, उसमें सड़कों की मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होती है। ऐसे में बजट के अभाव में संबंधित ठेकेदार से ही मरम्मत करने के लिए कहा जा रहा है। यही कारण है कि अब तक किसी भी ठेकेदार के खिलाफ जर्जर और घटिया निर्माण के मामले में कार्रवाई नहीं की गई। इधर, मंगलवार को कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने समर्थकों के साथ कोलार के मंदाकिनी चौराहा पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा समेत कई कांग्रेसियों ने सड़क के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कई कांग्रेसी हाथों में पोस्टर-बैनर और नारे लिखी तख्तियां लिए हुथे। तख्तियों में लिखा था- ये है अमेरिका से अच्छी सड़कें, बनाना था गड्ढे मुक्त, सड़कों को बना दिया गड्ढे युक्त। विधायक शर्मा ने कहा कि शहर की सड़कें उखड़ रही हैं। मरम्मत के नाम पर सिर्फ नौटंकी हुई है।