सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल के आयुष विभाग ने क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, ग्वालियर के सहयोग से आठवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर एम्स के महात्मा गांधी आईपीडी परिसर में एक निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया । कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने इस अवसर पर पहुँचकर भगवान धन्वन्तरी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर शिविर का शुभारंभ किया । उन्होंने आयुष विभाग को बधाई देते हुए कहा कि “भले ही आधुनिक युग की भागदौड़ में आयुर्वेद, मॉडर्न मेडिसिन से पिछड़ गया है, पर इसका महत्व आज भी सबसे अधिक है । आयुर्वेद में जटिल रोगों के इलाज के लिए समाधान उपलब्ध हैं, जो आयुर्वेद को एक विशिष्ट दर्जा प्रदान करता है । उन्होंने कहा कि शिविर में उपचार का अधिक से अधिक लाभ लें । आयुर्वेद को अपनाने से ही विश्वास कर पाएंगे कि यह कितना कारगर है।“ उन्होंने फैकल्टी को भी आयुष के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में विभिन्न रोगों के कुल 111 मरीजों को निःशुल्कआयुर्वेदिक औषधियाँ प्रदान की गई । क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, ग्वालियर से आए अनुसंधान अधिकारी अनिल मंगल, एम्स के आयुष विभाग के दानिश जावेद, रंजना पांडे, तारिक बरकती, भावना शर्मा (एसआरएफ), प्रियंका पटेल, शंकर लाल वर्मा, कविता, वैशाली, रामेश्वर आदि ने चिकित्सा शिविर में अपना सहयोग दिया। अनिल मंगल एवं रंजना पांडे ने कैम्प में आए मरीजों को आयुर्वेद के अनुसार दिनचर्या, रात्रिचर्या, ऋतुचर्या, आहार, विहार, जीवनशैली, सदाचार आदि विषयों पर जानकारी भी प्रदान की ।