आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के रोशनपुरा स्थित पीतल मंदिर के नजदीक हुए गैंगवार के आरोपियों की रविवार रात तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस की 5 टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। इस बीच एक चश्मदीद सामने आया है। उसने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे शाहिद उर्फ राजा को बदमाशों ने समझौते के लिए बुलाया था। इस बीच हुए विवाद से ट्रैफिक जाम हो गया था। वहां भगदड़ जैसी स्थिति थी। एक के बाद एक 7 राउंड गोली चलने होने की आवाज आई। इसके बाद राजा को चाकू मारे। भागने के दौरान एक साथी पर कार चढ़ा दी।
वाहनों की कतार लग गई, तीन तरफ से हो रही थी फायरिंग
घटना के चश्मदीद फरदीन राइन ने दैनिक भास्कर को बताया कि मैं करोंद में रहता हूं। शनिवार को शाहपुरा घूमने गया था। वहां से लौट रहा था। तब करीब 9:00 बजे होंगे। मेरे परिचित शाहिद उर्फ राजा भाई ने रोशनपुरा बुलाया। एक साथी के साथ मैं वहां पहुंचा तो राजा ने बताया कि पप्पू और शाहरुख ने राजीनामे के लिए बुलाया है। साथ चलना है। हम 8 लोग 4 बाइकों से पीतल मंदिर के करीब पहुंचे। यहां दो कार में कुछ युवक बैठे थे।
पास पहुंचे तो देखा कि एक में शाहरुख और पप्पू चटका था। वाहिद विक्की स्कॉर्पियो में था। आस -पास बड़ी संख्या में युवक खड़े थे। हम लोग उनके करीब पहुंचे। वहां शाहिद उर्फ राजा की शाहरुख से बहस हुई। इसी बीच वाहिद विक्की अपनी कार सड़क से दूसरी तरफ ले गया। बहस होती देख उसने दो राउंड फायर कर दिए। यह देख पप्पू और शाहरुख ने भी अपने पास रखी पिस्टल से पांच राउंड फायर कर दिए।
हम घबराकर भागने लगे। उन्होंने हमारे साथी शाहरुख पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी उंगली में चोट आई। तभी देखा कि चार युवकों ने राजा को पकड़ लिया। पप्पू सहित चार-पांच बदमाश उसे पीट रहे थे। उन्होंने राजा के पैरों में कई वार किए। फिर पप्पू ने भी छुरी से उनके हाथ की कलाई पर वार कर दिए। फायरिंग के दौरान ट्रैफिक जाम हो गया। राहगीर की एक कार में भी गोली लगी है।
उन्होंने राजा को अधमरा कर दिया। वे उसके पैर पर चाकू से वार कर रहे थे। बाद में उन्हें लहूलुहान कर फरार हो गए। भागने के दौरान विक्की वाहिद ने अपनी स्कॉर्पियो से अददू उर्फ सलीम को टक्कर मारी। इससे उसके दोनों पांव फ्रैंक्चर हो गए।
भाई से बोला- मुझे घेरकर बेहद मारा
हमले के बाद फरदीन और उसके साथी राजा को उठाकर अस्पताल ले गए। उसके बड़े भाई मोहम्मद शाहरुख ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचे। वहां राजा ने बताया कि पप्पू, शाहरुख और विक्की वाहिद सहित दर्जनों युवकों ने उसे बेरहमी से पीटा है। उसके हाथ-पैर पर चाकू मारे हैं। इतना कहने के बाद वह बेहोश हो गया। हमीदिया में उसकी दो सर्जरी की गई। रविवार सुबह उसे चिरायु अस्पताल में शिफ्ट किया। यहां उसकी आंख और सिर की एक सर्जरी की गई। रविवार की शाम उसे होश आ गया है। लेकिन, उसकी हालत अभी नाजुक है। 2 महीने पहले जेल से छूटा है जुबैर का गुर्गा
पुलिस ने एक गिरोह के 3 बदमाश और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। करीम बख्श कॉलोनी में रहने वाला मोहम्मद शाहिद करोंद मंडी में सब्जी की आड़त चलाता है। उसे हत्या के प्रयास के मामले में 5 साल की सजा हुई थी। 2 महीने पहले शाहिद जेल से रिहा हुआ।
उसे जुबैर गैंग का सदस्य माना जाता है। शनिवार रात शाहिद अपने 8 साथियों के साथ चार बाइक से रोशनपुरा स्थित पीतल मंदिर के नजदीक पहुंचा। यहां विक्की उर्फ वाहिद, पप्पू उर्फ चटका और शाहरुख उर्फ डेविल पहले से मौजूद थे।