आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: हिमाचल और उत्तराखंड में बीते 3 दिनों से बारिश का कहर जारी है। दोनों राज्यों में इस दौरान बारिश से लैंडस्लाइड और बादल फटने से जुड़ी घटनाओं में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में यहां तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उधर, उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग के मध्यमहेश्वर धाम में मंगलवार को दर्शन करने आए 20-25 श्रद्वालु फंस गए थे। दरअसल, मध्यमहेश्वर धाम और हाइवे के बीच एक पुल था जो बारिश की वजह से ढह गया, जिससे संपर्क टूट गया।

प्रशासन ने हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन धाम में लैंडिंग की जगह नहीं थी। तब 7 से ज्यादा स्थानीय महिलाएं आगे आईं और उन्होंने कुछ घंटों में हेलिपैड तैयार कर दिया। तब जाकर फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया।

जोशीमठ में लैंडस्लाइड, घर ढहा, दो की मौत

उत्तराखंड के जोशीमठ के पास लैंडस्लाइड में एक घर ढह गया। इसमें दो व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार देर शाम पीपलकोटी और जोशीमठ के बीच बद्रीनाथ राजमार्ग पर हेलंग गांव में हुई।

चमोली पुलिस के अनुसार, चमोली जिले के पीपलकोटी, गडोरा, नवोदय विद्यालय पीपलकोटी, गुलाबकोटी, पागलनाला और विष्णुप्रयाग इलाके में हाईवे को नुकसान पहुंचा है।

राज्य में पिछले तीन दिनों में भारी बारिश, लैंडस्लाइड व बादल फटने से जुड़ी घटनाओं में 55 की मौत हो चुकी है। 950 से ज्यादा सड़कें जगह-जगह बंद पड़ी हैं

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

यहां भारी बारिश होगी: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मेघालय।

यहां मध्यम बारिश होगी: झारखंड।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

मध्यप्रदेश में अगले दो दिन हल्की बारिश का दौर, भोपाल-इंदौर में बूंदाबांदी

मध्यप्रदेश में अगले दो दिन हल्की बारिश का दौर रहेगा। बुधवार को भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कुछ शहरों में बूंदाबांदी हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम संभाग में पिछले कुछ दिन से हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। ऐसा ही मौसम अगले 24 घंटे भी बना रहेगा। यहां धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। जबलपुर-ग्वालियर में भी कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं धूप-छांव रहेगी।

छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, रायपुर समेत सभी जिलों में बरसेंगे बादल

छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जशपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, पेण्ड्रा, कोरबा और रायगढ़ जिले में आज भी बारिश के आसार हैं। इधर दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।