आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सोनिया गांधी शनिवार को श्रीनगर जाएंगे। राहुल गांधी भी शुक्रवार को लद्दाख से श्रीनगर पहुंच गए हैं। श्रीनगर में राहुल हाउसबोट और होटल में दो दिन आराम करेंगे। मां-बेटे का दो दिन का यह दौरा बिल्कुल निजी बताया जा रहा है। यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने बताया, यह उनका फैमिली टूर है। इस दौरान वह कोई पॉलिटिकल मीटिंग नहीं करेंगे।
राहुल गांधी पिछले एक हफ्ते से लद्दाख में थे। यहां उन्होंने खूब बाइक राइडिंग की।
राहुल बोले- चीन ने हजारों किमी जमीन हमसे छीनी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को लद्दाख दौरे के आखिरी दिन कारगिल में एक रैली को संबोधित किया। राहुल ने भारत-चीन बॉर्डर पर चल रहे गतिरोध को लेकर कहा- चीन ने हजारों किमी जमीन हमसे छीनी है। मगर PM ने इस पर झूठ बोला। वह कह रहे हैं एक इंच जमीन नहीं गई। यह सरासर झूठ है।
राहुल ने लद्दाख दौरे पर 4 दिन में 700KM बाइक चलाई
राहुल गांधी 22 अगस्त को लेह से बाइक चलाकर 130 किलोमीटर दूर लामायुरू पहुंचे। कांग्रेस ने राहुल की ट्रिप की तस्वीरें ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा था- मोहब्बत का सफर जारी है।
राहुल लद्दाख में लगभग 700 किलोमीटर बाइक चला चुके हैं। उन्होंने 19 अगस्त को लेह से पैंगोंग लेक तक करीब 224 किमी बाइक चलाई। इसके बाद 21 अगस्त को 264 किमी बाइक चलाकर पैंगोंग लेक से खारदुंग ला पहुंचे। उसी दिन खारदुंग ला से 40 किमी दूर लेह गए। 22 अगस्त को उन्होंने लेह से लामायुरू तक 136 किमी बाइक चलाई।
कांग्रेस बोली- लद्दाख विजिट भारत जोड़ो यात्रा का विस्तार है
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा था कि राहुल की लद्दाख विजिट उनकी भारत जोड़ो यात्रा की ही विस्तार है। जयराम ने कहा- जनवरी में लद्दाख के लोगों के एक डेलिगेशन ने राहुल से लद्दाख आने के लिए कहा था। इस वजह से राहुल पूरे लद्दाख की यात्रा कर रहे हैं।
21 अगस्त: रात को लेह मार्केट में तिरंगा फहराया
21 अगस्त की रात को राहुल ने लेह मार्केट में आर्मी के रिटायर्ड अफसरों से मुलाकात की। राहुल ने उनके साथ तिरंगा फहराया और भारत माता की जय के नारे भी लगाए। इस दौरान मार्केट में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। राहुल ने मार्केट में खरीदारी भी की और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।