आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे दिल्ली पहुंचे। दोनों नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका से मुलाकात की। दोपहर 3 बजे डीके ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम पार्टी नेताओं को कल कर्नाटक में होने वाले शपथग्रहण के लिए आमंत्रित करने आए हैं।

उन लोगों ने कर्नाटक चुनाव में पसीना बहाया है, इसीलिए मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करना चाहता था। यहां कैबिनेट गठन पर भी चर्चा होगी। उधर, सिद्धारमैया ने दिल्ली में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से उनके घर पर मुलाकात की।

कल कर्नाटक में मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम पद के लिए होने वाले शपथग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और NCP चीफ शरद पवार शामिल होंगे। नीतीश ने कहा कि मुझे सिद्धारमैया और कांग्रेस अध्यक्ष ने आमंत्रित किया है। अगर विपक्षी दल साथ आते हैं तो यह राष्ट्रहित में होगा। मैं इस दिशा में लगातार कोशिश कर रहा हूं। वहीं, NCP चीफ ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मुझे इवेंट में इनवाइट किया है। मैं भी कल इस कार्यक्रम का हिस्सा बनूंगा।