आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सबसे बड़ा मुद्दा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा हाल के दिनों में दिए गए बयान हैं।
संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है। बजट सत्र का यह चरण 6 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान कुल 17 दिन काम होगा।
इस दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर हंगामा भी हो सकता है। सबसे बड़ा मुद्दा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा हाल के दिनों में दिए गए बयान हैं। राहुल गांधी ने अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान कई बातें ऐसी कहीं, जिन्हें सत्ता पक्ष देश की छवि को खराब करने वाला बता रहा है।
वहीं विपक्षी दल केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला उठा सकता है। आरोप है कि सरकार विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है।
संसद में सभी सदस्य अपने विचार रखने को स्वतंत्र : बिरला
बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत में मजबूत बहुदलीय प्रणाली है और संसद में सभी सदस्य अपने विचार व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र हैं।
बहरीन में अंतर संसदीय संघ की 146वीं बैठक को संबोधित करते हुए उनका यह बयान परोक्ष रूप से राहुल गांधी के कैंब्रिज में दिए गए उस बयान के संदर्भ में देखा जा रहा है, जिसमें कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया था कि सदन में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जाता।
राहुल गांधी के उक्त बयान को राज्यसभा के सभापति और उपसभापति ने भी खारिज कर दिया था। अब बिरला ने अंतरराष्ट्रीय मंच से ही विश्व को संदेश दिया है कि भारतीय संसद में सदस्यों को अपने विचार निर्बाध रूप से रखने का अधिकार है।