आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : श्रद्धा वालकर मर्डर केस में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ दिल्ली की साकेत कोर्ट ने हत्या और सबूत मिटाने के आरोप तय किए हैं। एडिशनल सेशन जज मनीष खुराना कक्कड़ ने मंगलवार को कहा कि आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 302 (मर्डर) और 201 (अपराध के सबूत मिटाने) के तहत मामला बनता है।

24 जनवरी को पुलिस ने इस मामले में आफताब के खिलाफ 6,629 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने पर्याप्त सबूत पेश किए हैं, इसलिए आफताब पर मर्डर और सबूत मिटाने का केस बनता है। इस पर आफताब के वकील ने कहा कि वह मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार है।

दरअसल, नियम के तहत कोर्ट से आरोप तय होते ही आरोपी के पास दो विकल्प होते हैं। पहला- आरोप स्वीकार करने पर कोर्ट फौरन सजा सुनाती है। दूसरा- मुकदमे का सामना करना। आफताब ने आरोपों को नकार दिया और मुकदमे का सामना करने का विकल्प चुना। इसके बाद कोर्ट ने कहा कि मामले की अगली सुनवाई 1 जून को होगी।

आफताब पर आरोप है कि उसने 18 मई 2022 में अपनी लिव इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की गला घोंटकर हत्या की। बाद में उसके शरीर के 35 टुकड़े कर फ्रिज में रखे। फिर उन्हें जंगल में फेंक दिया। दिल्ली पुलिस ने 12 नवंबर 2022 को उसे गिरफ्तार किया था। 24 जनवरी को पुलिस ने इस मामले में आफताब के खिलाफ 6,629 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी।

जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने आफताब का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट किया था, जिसमें उसने श्रद्धा की हत्या करने की बात स्वीकार की थी। मामले में पुलिस ने 150 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आफताब का वाइस सैंपल भी रिकॉर्ड किया था, फिलहाल मामला कोर्ट में है।

आफताब ने पुलिस के सामने कबूला कि मर्डर वाले दिन यानी 18 मई से एक हफ्ते पहले ही आफताब ने श्रद्धा को मारने का मन बना लिया था। उस दिन भी श्रद्धा और आफताब का झगड़ा हुआ था। उसने कहा था, ‘मैंने 11 मई को ही उसे मारने की ठान ली थी कि वह अचानक से इमोशनल हो गई और रोने लगी। इसलिए मैंने तय किया कि अब इसे किसी और दिन मारूंगा।’

न्यूज एजेंसी से बातचीत में एक पुलिस अफसर ने कहा- आफताब ने पूछताछ में बताया कि वो वेब सीरीज और खासतौर पर क्राइम शोज देखने का आदी था। इन्हीं को देखकर उसने श्रद्धा के बॉडी पार्ट्स को फ्रिज में रखने का तरीका सीखा। इतना ही नहीं इन्हीं सीरीज और शोज के जरिए उसने यह भी सीखा कि कैसे श्रद्धा को फैमिली और फ्रेंड्स की नजरों में जिंदा दिखाया जाए। इसके लिए वो श्रद्धा के इंस्टाग्राम प्रोफाइल और अकाउंट को अपडेट रखने के लिए उस पर पोस्ट करता रहता था। इसमें किसी ने उसकी मदद नहीं की थी।