आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण और रेसलर्स विवाद में पहलवान विनेश फोगाट ने बड़े दावे किए हैं। एक समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू में विनेश फोगाट ने कहा-” मैं प्रधानमंत्री की चुप्पी से आहत हूं। जब पहलवान खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बात कर रहे थे तो वे फोन पर व्यस्त थे। उन्हें मेरी चिंताएं सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं थी।”

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कुछ दिन पहले ही पहलवानों से बात की थी। जिसमें भरोसा दिया था कि 15 जून को केस की चार्जशीट पेश होगी। 30 जून तक WFI के चुनाव करा लिए जाएंगे।

विनेश फोगाट ने आगे कहा कि अब हम चार्जशीट का इंतजार कर रहे हैं। अगर बृजभूषण पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तो इसी रात को मीटिंग कर अगले दिन के आंदोलन का फैसला कर ऐलान कर दिया जाएगा। सरकार ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना शुरू नहीं करने दिया तो रामलीला मैदान या फिर किसी अन्य जगह पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

विनेश फोगाट की कही 3 अहम बातें

  1. ट्रेनिंग कैंप और टूर्नामेंट में बृजभूषण युवा महिला पहलवानों को अकेला पाकर छूने के लिए हरसंभव तरीके का इस्तेमाल करते थे। ऐसा बार-बार होता था।
  2. बृजभूषण ताकतवर आदमी हैं। वह हर जगह घूम रहे हैं और हमें घर बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
  3. हमारी बात कोई सुन ही नहीं रहा था। मजबूर होकर हमें सार्वजनिक प्रदर्शन करना पड़ा, ताकि देश को पता चले कि शीर्ष पहलवानों से कैसा व्यवहार होता है।

दिल्ली पुलिस ने 3 देशों से मांगी मदद

महिला पहलवाानों के यौन शोषण के केस में दिल्ली पुलिस ने 3 देशों कजाकिस्तान, मंगोलिया और इंडोनेशिया से जांच में मदद मांगी है। इनके कुश्ती संघों को नोटिस भेजकर उन जगहों की सीसीटीवी फुटेज और फोटो देने को कहा है, जहां महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। पहलवानों ने 2016 और 2022 में मंगोलिया में और 2018 में जकार्ता इंडोनेशिया में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 2 महिला पहलवानों को नोटिस भेजकर यौन शोषण के फोटो, ऑडियो और वीडियो सबूत मांगे हैं। इसमें उनके होटल में ठहरने से लेकर रूममेट्स तक के बारे में पूछा गया है।

खाप पंचायत का 14 जून को हरियाणा बंद का ऐलान, दिल्ली की फल-सब्जी सप्लाई भी बंद करेंगे

वहीं रविवार को खाप प्रतिनिधियों की जनता संसद ने 14 जून को हरियाणा बंद का ऐलान कर दिया है। इस दौरान हरियाणा में रोड व ट्रेनों के अलावा दिल्ली को दूध-सब्जी की सप्लाई भी बंद कर दी जाएगी। उन्होंने बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग की है। दलाल खाप और भारत भूमि बचाओ संघर्ष कमेटी ने 25 मांगों का प्रस्ताव पास किया है। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर मांडोठी टोल प्लाजा पर हुई जनता संसद में हरियाणा के अलावा दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के खाप चौधरी पहुंचे।