आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गांधी परिवार के दामाद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने मुरादाबाद से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। दैनिक भास्कर से बातचीत में वाड्रा ने कहा कि राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के कारण मुझे परेशान किया जा रहा है। राजनीति में न होने के बावजूद मैं सियासी लड़ाई लड़ रहा हूं।

उन्होंने कहा, ‘मेरे पास कई लोगों के पार्टी में शामिल होने के ऑफर आए हैं। एक बड़े नेता ने कहा कि अगर मैं उनकी पार्टी में शामिल हाेता हूं तो वो मेरे ऊपर चल रहा केस खत्म करा सकते हैं। यहां तक ED और जांच एजेंसियों से भी छुटकारा दिला देंगे।’

रॉबर्ट वाड्रा का फ्यूचर प्लान क्या है,वह चुनाव लड़ेंगे, राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पर उनकी क्या राय है…आइए बारी-बारी से सभी सवालों के जवाब पढ़ते हैं…

सवाल: क्या आप चुनाव लड़ेंगे

जवाब: मेरे चाहने से कुछ नहीं होगा। जो लोग चाहते हैं, वो होगा। मेरे पास कई जगह से लोग आते हैं, मुरादाबाद से लोग आते हैं। कहते हैं। आप मेहनती हो। कोविड के समय काम किया। कई मुद्दों पर मैं बोलता हूं। लोगों को दिखता है कि बीजेपी ने जिस तरह से मेरे साथ व्यवहार किया। एजेंसियों का दुरुपयोग करके मुझे मुश्किलों में डालने की कोशिश की। मेरे बिजनेस को जरिया बनाकर मुझे परेशान किया। इसलिए लोगों को लगता है कि अगर मैं संसद में रहूंगा तो मैं अपनी बात रख पाऊंगा और सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।

मुझे लगता है कि मैं अपने दफ्तर में बैठकर बहुत सी राजनीतिक चीजों का जवाब नहीं दे पाऊंगा। मुझे भी राजनीति में उतरना चाहिए। लेकिन, मेरा परिवार और पार्टी जब चाहेगी या हां बोलेगी, तब मैं चुनाव लड़ूंगा। मुझे हमेशा लगा है कि संसद में पहली जगह प्रियंका की है। पहले उसे जाना चाहिए। प्रियंका ने बहुत मेहनत की है। उन्हें संसद में होना चाहिए। प्रियंका के बाद ही मैं राजनीति में कदम रखना चाहता हूं।

मैं अन्य पार्टियों के लोगों से भी मिलता हूं। उनको लगता है कि मैं राजनीतिक तरीके से बात रखता हूं। वो लोग मजाक में कहते हैं कि आप हमारी पार्टी से आ जाओ। मुझे किसी ने ये भी बोला कि आप हमारी पार्टी में आ जाओ, जो भी आपकी मुश्किलें हैं, वह हट जाएंगी। लेकिन, मैं कभी दूसरी पार्टी में जाने की सोच भी नहीं सकता। मैं इस परिवार का सदस्य हूं। सभी से मैंने बहुत कुछ सीखा है। पार्टी और परिवार चाहेगा, तभी राजनीति में कदम रखूंगा।

सवाल: क्या प्रियंका गांधी पीएम नरेंद्र मोदी को हरा पाएंगी?

जवाब: प्रियंका कहीं से भी लड़े या देश के किसी भी कोने से, वो जरूर जीतेगी। वो इसलिए जीतेंगी क्योंकि लोग उन्हें चाहते हैं। उन्हें प्यार करते हैं। उनकी मेहनत को समझते हैं। अभी जिस तरह से कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में प्रियंका ने मेहनत की लोगों ने देखा और समर्थन किया, उनकी वजह से जीत में आसानी हुई है।एमपी में प्रियंका ने प्रचार शुरू किया। वो लोगों के बीच में रहती हैं। लोगों की मुश्किलें समझती हैं। अपने पिताजी से और अपनी दादी से उन्होंने सीखा है। पीएम को हराने की जहां तक बात है, वो प्रियंका की सोच नहीं हैं। उनकी सोच है कि जिस भी क्षेत्र को वो चुनें, वहां प्रगति हो और भेदभाव न हो।