आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में शुक्रवार को हुए लैंडस्लाइड में पांच लोगों की मौत हो गई है। ये हादसा केदारनाथ यात्रा रूट पर हुआ। पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर गिरने से एक गाड़ी उसमें दब गई।
12 घंटे की मशक्कत के बाद मलबे को हटाया गया। शनिवार को गाड़ी में पांच शव मिले। ये सभी गुजरात से केदारनाथ यात्रा करने आए थे।
उधर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी के छह मील में शुक्रवार देर शाम चलती ऑल्टो कार पर पत्थर गिरने से पांच साल के मासूम की मौत हो गई।
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्वी राज्यों बिहार, UP, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब सहित 13 राज्यों में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट है।
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
यहां भारी बारिश होगी: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु।
यहां मध्यम बारिश होगी: झारखंड, ओडिशा।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल…
मध्यप्रदेश में एक हफ्ते तक तेज बारिश के आसार नहीं, पूर्वी हिस्से में गिरेगा पानी
प्रदेश में अगले 24 घंटे के भीतर कहीं भी तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। हालांकि, भोपाल, उज्जैन, इंदौर, नर्मदापुरम समेत कई शहरों में मौसम बदला सा रह सकता है। भोपाल में बूंदाबांदी भी हो सकती है। जबलपुर-ग्वालियर में भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
पटना में खतरे के निशान से ऊपर गंगा; 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। सुपौल, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। नदी के आसपास के गांवों में पानी भर चुका है। मौसम विभाग ने आज बिहार के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चंडीगढ़-मनाली NH पर दर्दनाक हादसा, आज भी कई जगह बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले कुछ घंटे के लिए मंडी, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू और सिरमौर जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चंबा,सोलन और लाहौल स्पीति के कुछेक क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है।