आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुंबई के माहिम इलाके में उद्धव ठाकरे और बहुजन वंचित अघाड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर के पोस्टर्स लगाए गए हैं, जिनमें औरंगजेब की तस्वीर भी है।

होर्डिंग पर मराठी में लिखा है- ‘प्रकाश अंबेडकर औरंगजेब की धुन पर नाच रहे हैं और उद्धव ठाकरे इसका समर्थन कर रहे हैं।’

दरअसल, उद्धव गुट के सहयोगी प्रकाश अंबेडकर ने शनिवार को संभाजीनगर में औरंगजेब की मजार पर फूल चढ़ाए थे।

इन पोस्टर्स को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि औरंगजेब के लिए उद्धव का नया लगाव देखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जो लोग हिंदुत्व के साथ समझौता कर रहे हैं, उन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज कभी माफ नहीं करेंगे।

पुलिस ने कहा- रात को लगाए गए पोस्टर्स, किसने लगाए ये जानकारी नहीं

मुंबई पुलिस ने बताया कि यह पोस्टर्स रात को लगाए गए थे। इस बारे में जानकारी नहीं है कि इन्हें किसने लगाया। पुलिस ने कहा कि अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अगर कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश हुई, तो इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। फिलहाल पोस्टर्स हटा दिए गए हैं।

संजय राउत बोले- भाजपा हमसे बदले की राजनीति कर रही

उद्धव गुट की शिवसेना के नेता संजय राउत ने गुरुवार को कहा कि बात चाहे ED की रेड की हो या फिर उद्धव परिवार की सिक्योरिटी कम करने की, सत्ता पक्ष की तरफ से ये सारी कार्रवाई सिर्फ राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है।

राउत ने कहा कि चाहे ईडी रेड की बात हो या उद्धव ठाकरे के परिवार की सुरक्षा कम करने की, ये सब राजनीति से प्रेरित है। लेकिन, ऐसा करने वालों को इसका फल भी मिलेगा। भाजपा ज्यादा से ज्यादा क्या कर सकती है, हम पर गोली चला सकती है, हमें जेल में डाल सकती है।​​​​​​

उद्धव की सुरक्षा कम करने के आरोपों को लेकर दीपक केसरकर ने कहा कि संजय राउत और आदित्य ठाकरे को झूठ नहीं बोलना चाहिए। उद्धव ठाकरे और उनके परिवार की सुरक्षा कम नहीं की गई है, इस बारे में राज्य गृह मंत्रालय ने सफाई भी दी है। ​​​​​​